Suryakumar Yadav: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी की. अमेरिका के खिलाफ मैच में सूर्या अकेले चमके और पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी बाबर आजम का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव की चमक देख फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. सूर्या ने 49 गेंदों पर 84 रनों की अद्भुत पारी खेली और टीम को संकट से निकाला.
अमेरिका के गेंदबाजों की पिटाई करते हुए सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान को भी 440 वोल्ट का झटका दिया. 84 रन की शानदार पारी खेलकर भारतीय कप्तान ने बाबर आजम के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. सूर्यकुमार यादव बतौर कप्तान अपने डेब्यू टी20 वर्ल्ड कप मैच में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
सूर्या ने तोड़ा बाबर आजम का बड़ा रिकॉर्ड
बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है. वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 88 रनों की पारी खेली थी. सूर्या ‘यूनिवर्स बॉस’ का रिकॉर्ड तोड़ने में तो असफल रहे, लेकिन वो पाकिस्तान के बाबर आजम से आगे निकल गए, जिन्होंने 2021 में भारत के खिलाफ ही दुबई में 68 रन बनाया था.
— BCCI (@BCCI) February 7, 2026
कप्तान के रूप में डेब्यू पारी में सर्वोच्च स्कोर (T20 वर्ल्ड कप में)
88 क्रिस गेल बनाम ऑस्ट्रेलिया, द ओवल 2009
84* सूर्यकुमार यादव बनाम अमेरिका, वानखेड़े 2026
68* बाबर आजम बनाम भारत, दुबई 2021
65 महेला जयवर्धने बनाम कनाडा, जोहान्सबर्ग 2007
61 मोहम्मद अशरफुल बनाम पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया, जोहान्सबर्ग 2007
संकट में संकटमोचक बने सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव की ये पारी भारतीय फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे. अमेरिका के खिलाफ भारत ने महज 77 रनों पर 6 विकेट खो दिए थे. टीम इंडिया संकट में थी, लेकिन सूर्या संकटमोचक बने और अकेले मोर्चा संभालते हुए 49 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के जड़े. भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 161 रन बनाए. इस पारी के दौरान सूर्यकुमार यादव ने बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में अपने 1000 रन भी पूरे किए.
ये भी पढ़ें: मुंबई के दो लड़के हुए आमने-सामने… सूर्या पड़े भारी, दो ओवरों में कर दी धागा खोल पिटाई