Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी… ये नाम आईपीएल 2025 के बाद से ही चर्चा में रहा है. उन्होंने आईपीएल 2025 में डेब्यू किया था और पहले ही सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए तूफानी अंदाज में शतक ठोक सभी को हैरान कर दिया. तब से शुरू वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी का कारवां अंडर 19 विश्व कप 2026 में भी जारी रहा. उन्होंने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम रोल अदा किया. फाइनल में 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने. वैभव ने इस सीजन बल्ले से 439 रन ठोके, 41 चौके लगाए और 30 छक्के उड़ाकर ये बता दिया कि इस उम्र में उनके जैसा विस्फोटक खिलाड़ी कोई दूसरा नहीं है. इतने दमदार प्रदर्शन के बाद भी वैभव अगला अंडर 19 विश्व कप नहीं खेल पाएंगे.
दरअसल, बिहार से आने वाले बाएं हाथ के बेखौफ ओपनर वैभव की उम्र अभी 14 साल है. उनके पास अंडर 19 स्तर पर 19 साल तक यानी 2030 वर्ल्ड कप खेलने का मौका है, लेकिन फिर भी ये खिलाड़ी दूसरी बार भारत के लिए अगले विश्व कप में हिस्सा नहीं ले सकता, जो 2028 में होगा. अब सवाल ये है कि आखिर क्यों? तो इसके पीछे वो नियम है, जो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2016 में बनाया था.
2016 में लागू हुआ था ये नियम
2016 में बीसीसीआई की वर्किंग कमिटी ने एक बड़ा फैसला लिया था कि जो भी खिलाड़ी एक बार भारत के लिए अंडर 19 विश्व कप खेल चुके हैं, वो एज क्राइटेरिया पूरा करने के बावजूद किसी दूसरे एडिशन में हिस्सा नहीं ले सकते. ये नियम इसलिए लाया गया था, ताकि ओवरएज खिलाड़ियों की समस्या को खत्म किया जा सके. इस नियम के आने से पहले कई खिलाड़ी दो बार भारत के लिए अंडर 19 विश्व कप खेल चुके थे, जिनमें रवींद्र जडेजा (2006 और 2008), विजय जोल (2012 और 2014), और 2016 स्क्वॉड के सदस्य आवेश खान, सरफराज खान और रिकी भुई (2014 में भी खेले थे).
वैभव ने फाइनल में उड़ाए 15 छक्के, 15 चौके…
अंडर 19 विश्व कप 2026 के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 80 बॉल पर 175 रन ठोके, जिसमें 15 छक्के और 15 चौके शामिल थे. उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए थे, जिसका पीछा करने उतरी इंग्लैंड 311 रनों पर सिमट गई और 100 रनों से मैच हार गई. फाइनल में 175 रन बनाने वाले वैभव ने इतिहास रचा. वो भारत के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने फाइनल में शतक जड़ा. फाइनल जीतने के बाद खुद वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि भारत में किसी भी खिलाड़ी को एक ही बार अंडर 19 विश्व कप में हिस्सा लेने का मौका मिलता है, इसलिए पहली बार में ही खिताब जीतना ये बेहद खास है.
अब कहां दिखेगा वैभव का जलवा?
वैभव सूर्यवंशी ने एक साल से रनों की बारिश करके टीम इंडिया के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैंस का ये मानना है कि ये खिलाड़ी जल्द ही टीम इंडिया की सीनियर टीम में दिखेगा. अंडर 19 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद वैभव अब IPL 2026, घरेलू क्रिकेट और इंडिया A के लिए खेलते दिखेंगे. जैसे ही वैभव 15 साल पार करेंगे तो टीम इंडिया में डेब्यू कर सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि आईसीसी ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए न्यूनतम उम्र की पॉलिसी बनाई थी, जिसके तहत कोई भी खिलाड़ी जो इंटरनेशनल क्रिकेट में भाग लेना चाहता है, उसकी उम्र कम से कम 15 साल होना जरूरी है. वैभव 27 मार्च 2026 को 15 साल पूरे कर लेंगे.
ये भी पढ़ें: Explained: अंडर-19 चैंपियन बनने के बाद भी भारत को कैश प्राइज क्यों नहीं मिला? ऐसा है आईसीसी का नियम