U19 World Cup Prize Money: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 6 फरवरी (शुक्रवार) को हुए फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हरा दिया. टीम इंडिया ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए छठी बार खिताब अपने नाम किया. उसने 2022 के बाद इस ट्रॉफी पर कब्जा किया है. वैभव सूर्यवंशी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत खिताब जीतने के बावजूद आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से प्राइज मनी के तौर पर एक भी पैसा नहीं मिलेगा. इस भारतीय फैंस को हैरान कर दिया है.
मैच में क्या हुआ?
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में महज 311 रन पर सिमट गई. 14 साल के खूंखार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर 175 रन की पारी खेली. उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. आयुष म्हात्रे ने 51 गेंद पर 53 रन बनाए. अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंद पर 40 और कनिष्क चौहान ने 20 गेंद पर नाबाद 37 रन ठोके. इंग्लैंड के लिए कैलेब फाल्कनर ने 67 गेंद पर 115 रन बनाए.
आईसीसी ने क्यों नहीं दिया कैश प्राइज?
आईसीसी युवाओं के इस अंडर-19 वर्ल्ड कप को मेंटरशिप के लिए एक डेवलपमेंट प्रोग्राम मानता है. वह इसी कारण टीमों को प्राइज मनी नहीं देता है. इसके पीछे का आइडिया यह है कि टीमों को पहले से ही क्रिकेट डेवलपमेंट फंड के तौर पर आईसीसी रेवेन्यू का एक हिस्सा मिलता है और इस टूर्नामेंट को क्रिकेट डेवलपमेंट माना जाता है. ऐसे में उन्हें इसके लिए दोबारा इनाम देना डबल इनाम देने जैसा होगा.
ये भी पढ़ें: भारत का नया हीरो… मुंबई के लाल को धोनी ने CSK में चमकाया, U19 वर्ल्ड कप जीत विराट कोहली के क्लब में शामिल
क्या आयुष म्हात्रे की टीम को कुछ नहीं मिलेगा?
नहीं, ऐसा नहीं है. आईसीसी से अगर पैसा नहीं मिला है तो इसका मतलब यह नहीं की टीम को कैश प्राइज नहीं मिलेगा. जिन भारतीय टीमों ने पहले यह टूर्नामेंट जीता है, उन्हें बीसीसीआई ने बहुत ज्यादा इनाम दिया है. 2022 में यश ढुल की कप्तानी में खिताब जीतने वाली आखिरी भारतीय टीम को बोर्ड से हर खिलाड़ी को 40 लाख रुपये और हर सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपये मिले थे. भारतीय महिला U-19 टीम ने 2023 और 2025 में खिताब जीता था. उस टीम के भी सभी खिलाड़ियों के लिए कुल मिलाकर 5 करोड़ रुपये मिले थे.
FAQ:
प्रश्न: भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान कौन-कौन हैं?
उत्तर:
2000 – मोहम्मद कैफ
2008 – विराट कोहली
2012 – उन्मुक्त चंद
2018 – पृथ्वी शॉ
2022 – यश ढुल
2026 – आयुष म्हात्रे
प्रश्न: भारत कब-कब अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा?
उत्तर: भारत 2000, 2008, 2012, 2018, 2022, 2026 में चैंपियन बना है. वह 2006, 2016, 2020 और 2024 में उपविजेता रहा था.
प्रश्न: आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन किसने बनाए?
उत्तर: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा इंग्लैंड के बेन मेयस ने बनाए. उन्होंने 7 मैचों में 444 रन ठोके. भारत के वैभव सूर्यवंशी इस मामले में दूसरे स्थान पर रहे. उन्होंने 439 रन बनाए.