India vs USA Pitch Report: आज से टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो रहा है. पहले दिन 3 मैच तय हैं. दिन का आखिरी मुकाबला भारत और अमेरिका के बीच मुंबई के ऐतिहासिक मैदान वानखेड़े में होना है. इस मैच पर सबकी नजर है. टीम इंडिया जीत के साथ आगाज करना चाहेगी. ये वही मैदान है, जहां रनों की बारिश होती है. टीम इंडिया दमदार फॉर्म में चल रही है, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव यूएस टीम को हल्के में नहीं लेंगे, क्योंकि इस टीम में कई स्टार खिलाड़ी हैं. ये वही टीम है, जो 2024 में पाकिस्तान को हरा चुकी है. टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में अब तक तीन ऐसे मौके आए हैं, जब किसी एक टीम ने 300 रन प्लस का टोटल बोर्ड पर लगाया. आज ये कमाल एक बार फिर देखने को मिल सकता है.
वानखेड़े में होने वाले इस मैच में 300 रन कैसे बनेंगे? तो जान लीजिए कि ये तभी संभव हो सकता है जब टीम इंडिया टॉस जीतकर बैटिंग चुने. या फिर अमेरिका टीम टॉस जीतकर भारत को पहले बैटिंग करने के लिए कह दे. टीम इंडिया के पास अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे जैसे विस्फोटक खिलाड़ी हैं, जो दमदार फॉर्म में हैं. अगर भारत पहले बैटिंग करता है तो 300 रन भी बना सकता है. यह मैदान बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है, जहां पिच सपाट है. मैदान छोटा है और ऊपर से दिग्गजों से सजी टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप. इन सबको देखते हुए कहना गलत नहीं होगा कि यहां 300 रन बन सकते हैं.
वानखेड़े की पिच कैसी है?
इतिहास इस बात का गवाह है कि वानखेड़े की पिच गेंदबाजों के लिए किसी कब्रगाह कहलाती है. इस खूबसूरत मैदान की छोटी बाउंड्री और आउटफील्ड बेहद तेज है. जैसे ही बल्ले से गेंद निकलती है तो बाउंड्री पर जाने में चंद सेकेंड लगते हैं. मैदान छोटा है इसलिए छक्कों की बारिश होती है. यहां टी20 इंटरनेशनल में पहली पारी का औसत स्कोर 178 रन है. मतलब पहले बैटिंग करने वाली टीम आमतौर पर 200 रन बनाती है और भारत जिस अंदाज में क्रिकेट खेल रहा है, वो 300 रन बना सकता है.
300 रन बनने के चांस क्यों हैं?
कुछ आंकड़े ऐसे हैं, जो इस बात को और मजबूती देते हैं कि यहां 300 रनों का टारगेट बनने के चांस पूरे हैं. इस मैदान पर अब तक कुल 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें पहली पारी में 6 बार 200 प्लस स्कोर बना है और 6 बार स्कोर 180 प्लस तक पहुंचा है. मतलब कुल 12 बार एक पारी में 180 से ज्यादा रन बने हैं. इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल के 13 मैचों में से पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 6 जबकि चेज करने वाली टीम ने 7 मैच जीते हैं. मतलब दोनों पारियों में रनों की बरसात होती है.
टीम इंडिया यहां बना चुकी है 247 रन
टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में इस मैदान पर सबसे बड़ा टोटल 247 रनों का है, जो भारत ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था. उस मैच में अभिषेक शर्मा ने 54 गेंदों पर 7 चौके और 13 छक्कों की मदद से 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. भारत ने 9 विकेट पर 20 ओवर में 247 रन बनाए थे. इस बार भी अभिषेक कुछ ऐसी ही तबाही मचा सकते हैं. उनके अलावा ईशान किशन भी तगड़े फॉर्म में हैं, जो पहली गेंद से छक्कों की बारिश कर रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 मैचों में उन्होंने 1 शतक और 1 फिफ्टी के दम पर 200 से ज्यादा रन बनाकर तबाही मचाई थी और संदेश दिया था कि वो बेखौफ अंदाज में ही खेलेंगे.
IND vs USA मैच के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत- ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर
USA- मोनांक पटेल (कप्तान), एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, शयान जहांगीर, मिलिंद कुमार, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, अली खान, नोस्टुश केनजिगे, सौरभ नेत्रावलकर, शैडली वान शाल्कविक, शेहान जयसूर्या, जसदीप सिंह, संजय कृष्णमूर्ति
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: सिर्फ हर्षित राणा नहीं… ये 8 खिलाड़ी हुए वर्ल्ड कप से बाहर… चोट ने तोड़ दिया सपना