टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज से होगा. भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच आज शाम 7 बजे से USA (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है. टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर अब एक बड़ी रिपोर्ट सामने आ रही है. खबर है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वायरल बुखार की वजह से USA (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ अपना पहला मैच नहीं खेल पाएंगे.
टी20 वर्ल्ड कप का मैच नहीं खेल पाएंगे जसप्रीत बुमराह?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में भारत के ट्रेनिंग सेशन में जसप्रीत बुमराह आए तो थे, लेकिन उन्होंने इसमें हिस्सा नहीं लिया. जसप्रीत बुमराह के बाहर होने से टाइटल बचाने की शुरुआत से पहले भारत के पास सिर्फ 13 पूरी तरह से फिट खिलाड़ी बचे हैं. ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर अभी तक टी20 वर्ल्ड कप टीम से नहीं जुड़े हैं, क्योंकि वह अभी भी बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं.
चोट ने बढ़ाई भारत की चिंता
BCCI ने शुक्रवार रात को आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि हर्षित राणा आखिरी समय में टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हर्षित राणा को इस हफ्ते की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लगी थी. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा, ‘टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा 4 फरवरी 2026 को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण आगामी ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं. एक विशेषज्ञ से सलाह और उनके बाद स्कैन के बाद BCCI मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट में खेलने के लिए अनफिट पाया. टीम मैनेजमेंट उनके जल्द ठीक होने की कामना करता है.’
मोहम्मद सिराज को मिला मौका
मोहम्मद सिराज को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है और जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में आज रात हर्षित राणा को भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की संभावना है. हर्षित राणा डीवाई पाटिल स्टेडियम में हुए वार्म-अप मैच के दौरान अपने घुटने को पकड़े हुए दिखे थे. हर्षित राणा ने सिर्फ एक ओवर फेंका और 16 रन दिए, जिसके बाद वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए. भारत का लक्ष्य तीन बार T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बनना है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की अपडेटेड टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज.