अशोकनगर में आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने रविवार शाम कलेक्ट्रेट कार्यालय में नायब तहसीलदार शंभू सिंह मीणा को 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इससे पहले सैकड़ों शिक्षकों ने शहर में एक विशाल रैली निकाली और शक्ति प्रदर्शन किया। ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, अध्यापक संवर्ग की नियुक्ति दिनांक से सेवा गणना, अमानवीय ई-अटेंडेंस व्यवस्था पर रोक और स्थायी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने सहित कुल 21 मांगें शामिल थीं। दोपहर के समय युगल सरकार मंदिर और रघुवंशी धर्मशाला के बीच स्थित मैदान में धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ। इसके बाद शिक्षकों ने एक बाइक रैली निकाली। यह रैली शशिद्र राणा चौराहा से फुट ओवरब्रिज होते हुए गांधी पार्क, रसीला चौराह, तुलसी पार्क, अंडरब्रिज, अस्पताल चौराहा से तहसील प्रांगण तक पहुंची। वहां से पैदल मार्च करते हुए शिक्षक कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। अलग-अलग संगठनों का भी समर्थन मिला
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भीमसिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में मुंगावली, पिपरई, चंदेरी, साढ़ौरा, नईसराय, ईसागढ़, अशोकनगर, बहादुरपुर और सेहराई सहित सभी ब्लॉकों से शिक्षक बाइक, कार और बसों से पहुंचे। इस आयोजन को विभिन्न शिक्षक संगठनों का समर्थन मिला। मप्र शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा, कर्मचारी कांग्रेस एवं राज्य शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रामगोपाल शिवहरे, राज्य शिक्षक संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष दिलीप रघुवंशी, संयुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोज भटनागर, अज़ाक्स कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मोहरसिंह अहिरवार और अध्यापक कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीलमसिंह तिगरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने OPS की लड़ाई में अंत तक साथ देने का भरोसा दिलाया।
Source link