Last Updated:
ग्वालियर में दो सगी बहनों से दरिंदगी का मामला सामने आया है, जब एक विवाहिता और उसकी नाबालिग बहन के साथ उसके ही मौसेरे भाई ने अपने दोस्त के साथ दुष्कर्म किया है. अब पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है.
सांकेतिक तस्वीर
ग्वालियर में दो सगी बहनों से रेप की घटना में साढ़े चार महीने बाद केस दर्ज कराया गया है. 22 साल की विवाहिता और उसकी नाबालिग बहन के साथ उसके ही मौसेरे भाई ने अपने दोस्त के साथ दुष्कर्म किया है. घटना 26 सितंबर 2025 को बिजौली थाना स्थित एक गांव में हुई. आरोपी शादी का झांसा देकर 40 हजार रुपए और चांदी की पायल लेकर भाग गए.
दतिया निवासी 22 वर्षीय युवती की शादी ग्वालियर में हुई है. युवती का पति पेंटर है और अभी अहमदाबाद गुजरात में नौकरी करता है. पीड़िता के एक बच्ची है, जिसकी देखरेख के लिए वह अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बहन को साथ रखती है. पिछले दो साल से विवाहित युवती की दोस्ती मोसेरे भाई से है और उनके बीच बातचीत होती थी. कई बार आकर वह घर भी रुकता था.
शीतला माता मंदिर में लौटते समय मिला मौसेरा भाई और उसका दोस्त
विवाहित युवती के अनुसार, 26 सितंबर 2025 को वह अपनी बहन के साथ शीतला माता मंदिर गई थी. वहां से लौटते समय काफी अंधेरा हो गया था. वहां पर उनको मौसेरा भाई और उसका दोस्त अमन खान मिला था. दोनों ने अंधेरा काफी होने पर सुरक्षा की दृष्टि से दोनों बहनों को घर छोड़ने के लिए कहा. यहां पर मौसेरे भाई और अमन ने उन्हें बताया कि रात अधिक हो गई है और वह उनके घर पर ही रुकेंगे. इसके बाद वह उनके साथ उनके घर आ गए और उन्हें खाना खिलाया. इसके बाद वह सो गए.
पुलिस ने आरोपियों पर दर्ज किया केस
रात में मौसेरा भाई उसके पास पहुंचा और उसका दोस्त अमन खान उसकी नाबालिग बहन के पास पहुंचा और उनके साथ जान से मारने की धमकी देकर रेप की वारदात को अंजाम दिया. इससे पहले भी मौसेरा भाई उसके साथ गलत काम कर चुका है. 27 सितंबर की सुबह मौसेरा भाई और अमन खान ने उन्हें शादी का झांसा दिया और शादी की कहकर उन्हें लेकर निकले. रेलवे स्टेशन टिकट कराने और रहने खाने के लिए पैसे नहीं होने की कहकर मौसेरा भाई ने उनसे 40 हजार रुपए और एक जोड़ी चांदी की पायल ले ली. इसके बाद वह टिकट करवाने का कहकर चले गए. वह काफी देर इंतजार करती रही, लेकिन वह वापस नहीं आए. इसके बाद वह मौसी के घर पहुंची तो वह गायब था. इस मामले में अब पीड़िताओं ने पुलिस में शिकायत की है जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है.