Last Updated:
Chhindwara News: छिंदवाड़ा के चौरई में अतिक्रमण हटाने गई राजस्व-पुलिस टीम पर मानेगांव के ग्रामीणों ने पथराव किया. टीम को चौकी में शरण लेनी पड़ी. 12 लोगों पर BNS की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
सांकेतिक.
Chhindwara News: छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना अंतर्गत हिवरखेड़ी चौकी क्षेत्र के मानेगांव गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया. शासकीय भूमि पर अवैध मकान बनाने की शिकायत पर पहुंची टीम जैसे ही कार्रवाई शुरू करती, मौके पर उपस्थित लोगों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी. हालात बिगड़ते देख राजस्व-पुलिस दल को पीछे हटकर हिवरखेड़ी चौकी में शरण लेनी पड़ी. पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
इतने लोगों पर केस
घटना की शिकायत पटवारी ने की थी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 12 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 221, 132, 324(4), 296 एवं 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. सभी आरोपी मानेगांव गांव के निवासी हैं. इनके नाम शंभु दयाल वर्मा पुत्र धन्नू वर्मा, मटटो बाई पत्नी शंभु दयाल, अजब सिंह पुत्र शंभु दयाल, अनीता पत्नी अजब सिंह, जीत सिंह पुत्र शंभु दयाल, भगत सिंह पुत्र शंभु दयाल, ब्रजबती पुत्री जीत सिंह, अंजू पत्नी भगत सिंह, कलम सिंह पुत्र सहसु, सविता पत्नी कलम सिंह, रूप सिंह पुत्र सहसु और रामरानी पत्नी रूप सिंह हैं.
अभी और हो रही पहचान
थाना प्रभारी के अनुसार, घटनास्थल का वीडियो फुटेज खंगाला जा रहा है. इसमें दिख रहे अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान बिना किसी दबाव के जारी रहेगा. यह घटना छिंदवाड़ा में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ चल रहे अभियान में हो रही हिंसा का ताजा उदाहरण है. जिला प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है कि सरकारी जमीन किसी भी कीमत पर खाली कराई जाएगी.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें