टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मैच में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यह दिखा दिया है कि इस बार कुछ बड़ा होने वाला है. सूर्यकुमार यादव बल्ले से इस बार रोहित शर्मा वाला कमाल दिखाकर भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जिताना चाहते हैं. रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी के दम पर मोर्चे से अगुवाई करते हुए भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी. अब सूर्यकुमार यादव ने भी ठान लिया है कि वह रोहित शर्मा की तरह ही अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी के दम पर भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जिताकर ही रहेंगे.
पहले ही मैच से कप्तान सूर्या ने दिखा दिया ट्रेलर
संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ शनिवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के मैच में भारत एक समय पर 14.1 ओवर में 86/6 रन बनाकर मुश्किल में था. सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया को बचा लिया और उसे एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया. सूर्यकुमार यादव ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ इस मैच में महज 49 गेंद पर 84 रनों की पारी खेली. सूर्यकुमार यादव ने 171.43 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 10 चौके और 4 छक्के लगाए. सूर्यकुमार यादव की इस पारी ने मैच पलट दिया और भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए. बाद में भारतीय गेंदबाजों ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) की टीम को 132/8 पर रोककर इस मैच को 29 रन से जीत लिया.
क्या रोहित शर्मा वाला जादू दोहराकर भारत को जिताएंगे टी20 वर्ल्ड कप?
सूर्यकुमार यादव की इस पारी में रोहित शर्मा की झलक देखने को मिली. रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी के कमाल से भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाया था. रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 8 मैचों में 36.71 की औसत से 257 रन बनाए थे, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल रहे. रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम मैच में 92 रन और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में 57 रन बनाए थे. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत अंत में जाकर टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जीतने में कामयाब रहा. अब सूर्यकुमार यादव भी अपनी कप्तानी में रोहित शर्मा वाला कमाल दोहराने के लिए बेताब है.
सूर्यकुमार यादव के पास इतिहास रचने का मौका
भारत ने साल 2007 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने तब पाकिस्तान को फाइनल में 5 रन से हराते ही इतिहास रच दिया था और पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया था. इसके बाद भारत ने साल 2024 में अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. भारत ने फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को 7 रन से मात देते ही दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने का कमाल किया था. भारत के पास अब तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने का मौका है. भारत ने अगर 2026 टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया तो वह 3 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कभी भी किसी देश ने 3 टी20 वर्ल्ड कप के खिताब नहीं जीते हैं. इस तरह सूर्यकुमार यादव भी रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी के एलिट क्लब में शामिल हो जाएंगे.