T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो चुका है. भारत-पाकिस्तान अपने ग्रुप स्टेज का एक-एक मैच खेल चुकी हैं. इन दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को मैच तय है, लेकिन अब तक ये साफ नहीं हो पाया है कि यह मुकाबला खेला जाएगा या नहीं? इस सवाल का जवाब आज यानी 8 फरवरी को मिल सकता है, क्योंकि ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें कोई फैसला आ सकता है. इस मीटिंग से पहले एक ऐसी खबर आई है, जिसने सभी को चौंका दिया है. खबर ये है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल पाकिस्तान पहुंचे हैं. वो लाहौर में IND vs PAK मैच पर मचे बवाल के बारे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अधिकारियों से बातचीत करेंगे.
दरअसल, पिछले दिनों पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का ऐलान किया था. पाक की तरफ से ऐसा बांग्लादेश के समर्थन में किया गया, जिसे इस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है. उसने भारत में खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद ICC ने नियमों के तहत स्कॉटलैंड की एंट्री कराई है. भारत-पाकिस्तान मैच में अब सिर्फ एक हफ्ते का टाइम बचा है. ऐसे में इस पूरे विवाद को सुलझाने के लिए आज ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच अहम बैठक भी होना है, जिसमें फाइनल फैसला लिया जा सकता है.
क्यों पाकिस्तान पहुंचे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष?
सबसे बड़ा सवाल ये है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष क्यों पाकिस्तान पहुंचे हैं? इसे लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी के साथ बैठक करेंगे. दोनों बोर्ड बाद में ICC अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे. मतलब ये कि दोनों एक संयुक्त रुख अपनाने की योजना बना रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि जब बांग्लादेश टीम को बाहर किया गया तो पाकिस्तान ने इसे अन्याय करार दिया था. उसने बांग्लादेश के समर्थन में ICC के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना किया था.
इस पूरे मामले में ICC पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेतावनी दे चुका है कि अगर वह बहिष्कार के फैसले पर आगे बढ़ता है, तो उसे कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है. इससे उसे ना सिर्फ भारी आर्थिक जुर्माना उठाना पड़ सकता है, बल्कि टूर्नामेंट में अंक कटौती, बोर्ड की सदस्यता पर खतरा और भविष्य के वैश्विक टूर्नामेंटों की मेजबानी का अधिकार छिन सकता है.
पाकिस्तान करेगा सरेंडर?
ICC की चेतावनी के बाद कुछ रिपोर्ट्स आई थीं, जिनमें पाकिस्तान बोर्ड ने ICC को ‘फोर्स मेज्योर’ नियम (मजबूरी में एग्रीमेंट तोड़ना) का हवाला देकर भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की जानकारी दी थी, लेकिन ICC ने PCB के इस नियम को बहिष्कार का आधार बनाने पर सवाल खड़े किए और उससे सटीक जवाब मांगा था. जवाब नहीं देने पर संभावित कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी, जिसके बाद अब पाकिस्तानी बोर्ड के तेवर नर्म पड़ चुके हैं. बाद में पाक क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने अब ICC से संपर्क करके बातचीत के साथ रास्ता निकालने की तरफ कदम बढ़ाए हैं. इसलिए 8 मार्च को एक अहम मीटिंग होने जा रही है.
ये भी पढ़ें: क्या है ‘फोर्स मेज्योर’? जिसकी आड़ लेकर IND vs PAK मैच से हटना चाहता है PCB…. अगर बात बन गई तो ICC कुछ नहीं कर पाएगा!