Zimbabwe vs Oman: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 8वें मैच में जिम्बाब्वे ने ओमान को 8 विकेट से रौंदकर अपने सफर की शुरुआत की. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे के स्टार खिलाड़ी ब्रायन बेनेट ने मैदान पर सुपरमैन वाला कारनामा कर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी. उन्होंने शानदार फील्डिंग करते हुए एक ऐसा लाजवाब कैच पकड़ा, जिसे देखकर फैंस अभी से बोलने लगे है कि ये इस टूर्नामेंट का बेस्ट कैच होगा.
ब्रायन बेनेट ने ये अद्भुत कारनामा ओमान की बैटिंग पारी के आखिरी ओवर में किया. 20वें ओवर की 5वीं गेंद पर उन्होंने मिड विकेट की दिशा में हैरतअंगेज कैच पकड़ा, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस के साथ-साथ कमेंटेटर्स के भी होश उड़ गए. उन्होंने पहले चीते की रफ्तार से दौड़ लगाई और फिर हवा में तैरते हुए शानदार कैच लपका.
ब्रायन बेनेट बने सुपरमैन
ब्रायन बेनेट का ये कैच इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने पहले लगभग 30 मीटर तक तेज रफ्तार से दौड़ लगाई, लेकिन एक पल के लिए भी गेंद से नजर नहीं हटाई. उसके बाद भी वो बॉल के पास नहीं पहुंच सके तो हवा में छलांग लगाकर गेंद को झपट लिया. उनके इस प्रयास को देखकर फैंस हैरान हैं और सोशल मीडिया पर मैच के इस मोमेंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
शानदार कैच… फिर बल्ले से दिखाया जलवा
ब्रायन बेनेट ने ना सिर्फ शानदार कैच पकड़कर महफिल लूटीम् बल्कि बल्ले से भी धमाका किया. ओमान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए थे. ये टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे कम स्कोर है. लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्रायन बेनेट ने 36 गेंदों पर 48 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जिताने में अहम किरदार निभाया. वहीं, गेंदबाजी में कमाल दिखाने वाले ब्लेसिंग मुजारबानी को 3 विकेट लेने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
ये भी पढ़ें: एक मैच के सिर्फ ₹3500… नेपाल क्रिकेटर्स की साल भर की कमाई जान नहीं होगा अपनी आंखों पर यकीन