Last Updated:
When Virender sehwag missed triple century world record: भारत के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को उनकी दमदार बल्लेबाजी की वजह से टीम इंडिया की दीवार बुलाया जाता था. उन्होंने एक बार अपने जैसे खेलने की सलाह वीरेंद्र सहवाग को दी थी जिसकी वजह से वो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गए थे. सहवाग के नाम तीन टेस्ट ट्रिपल सेंचुरी का रिकॉर्ड हो सकता था.
द्रविड़ की वजह से सहवाग वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूके, आउट होने पर दी थी गालियां
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के नाम भारत की तरफ से टेस्ट में पहला तिहरा शतक बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने इस फॉर्मेट में दो ट्रिपल सेंचुरी बनाई और तीसरी बार इस कारनामे को करने के करीब थे. दुनिया का कोई बल्लेबाज आज तक ऐसा नहीं कर पाया. राहुल द्रविड़ की सलाह की वजह से सहवाग ने दूसरे दिन आखिरी सेशन में धीमा खेला और 284 रन बनाकर नाबाद लौटे. तीसरे दिन वो 9 रन और बनाकर आउट हो गए. इसके बाद उन्होंने द्रविड़ को मन ही मन खूब गाली दी थी. इस बात का खुलासा खुद सहवाग ने एक शो के दौरान किया था.
सहवाग का ऐसा जलवा था कि वह गेंदबाजों को गाना गाते गाते चौके-छक्के लगाते थे. शोएब अख्तर, ब्रेट ली और डेल स्टेन जैसे दिग्गज तेज गेंदबाज भी उनकी आक्रामकता से नहीं बच पाए, क्योंकि सबसे बड़े गेंदबाजों की जरा सी ढीली गेंद भी सहवाग सीमा पार भेज देते थे. सहवाग ने अपने टेस्ट डेब्यू में शतक लगाया था, शुरुआत में ओपनर नहीं थे, लेकिन उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी ने उन्हें यह भूमिका दिलाई. उन्होंने 2011 आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में सचिन तेंदुलकर के साथ भारत की ओपनिंग की और पहले ही मैच में शानदार 175 रन बनाकर टूर्नामेंट की शुरुआत की.
सहवाग कौन सा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले थे
सहवाग टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा ट्रिपल सेंचुरी का रिकॉर्ड शेयर करते हैं और इतिहास रचने के करीब थे. मुंबई में श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट मैच में उनके पास तीन ट्रिपल सेंचुरी लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का मौका था. इस मैच के दूसरे दिन सहवाग ने 284 रन बनाए, जो टेस्ट मैच के एक दिन में किसी बल्लेबाज द्वारा तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. उन्होंने मुथैया मुरलीधरन जैसे दिग्गज गेंदबाज के सामने जमकर बल्लेबाजी की थी. दिन के अंत में जब सिर्फ 3-4 ओवर बाकी थे, उनके साथी बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने सलाह दी कि दिन का खेल निकाल लो और अगले दिन आकर तिहरा शतक पूरा करो.
सहवाग को द्रविड़ ने क्या सलाह दी थी
वीरेंद्र सहवाग ने एक इंटरव्यू में बताया था कि राहुल द्रविड़ ने उनसे कहा था कि बाकी ओवर बिना विकेट गंवाए खेलो और अगले दिन आकर 300, 400 या 500 रन भी बना सकते हो. इस बातचीत के बाद द्रविड़ ने ओवर खत्म होने पर ही सिंगल लिया ताकि सहवाग को कम गेंद खेलनी पड़े. दिन खत्म होने पर दोनों बल्लेबाज नॉटआउट रहे और ड्रेसिंग रूम लौटे, तब द्रविड़ ने सहवाग से कहा, ‘वेल डन, बहुत बढ़िया. अब कल देख, तू वापस आएगा तो पूरा दिन बल्लेबाजी करेगा, तो तू वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सकता है.’
सहवाग ने माना कि द्रविड़ की बातों से उन्हें उम्मीद मिली, वह अपने कमरे में गए, खाना खाया और आराम से सो गए. लेकिन अगले दिन वह सिर्फ 9 रन और जोड़ सके और 293 रन पर आउट हो गए. उन्होंने बाद में माना कि जब वह ड्रेसिंग रूम लौट रहे थे, तो उन्हें द्रविड़ की सलाह मानने का अफसोस हुआ. सहवाग ने 254 गेंद में 293 रन बनाए, जिसमें 40 चौके और 7 छक्के शामिल थे. आखिर में दुनिया के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज मुरलीधरन ने सहवाग को कैच एंड बोल्ड करके आउट किया. उस मैच में एमएस धोनी ने भी शतक लगाया और भारत ने 726/9 का विशाल स्कोर बनाकर पारी घोषित की. भारत ने यह मैच एक पारी और 24 रन से जीत लिया.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें