Will Jacks Big Statement on England vs Nepal Thrilling Match: टी20 विश्व कप 2026 में 8 फरवरी यानी रविवार को इंग्लैंड और नेपाल के बीच खेला गया मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें इंग्लैंड टीम को मुश्किल से जीत मिली. नेपाल ने कमाल का खेल दिखाया और इंग्लैंड की हालत खराब कर दी. मैच का नतीजा आखिरी ओवर की आखिरी बॉल पर निकला. नेपाल को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे, जो नहीं बन पाए और इंग्लिश टीम 4 रनों के मामूली अंतर से मैच जीत गई. आखिरी ओवर में नेपाल 10 रन बनाने से चूक गया, इस तरह इंग्लैंड हारते-हारते बचा. मैच के बाद इंग्लैंड की टीम के ऑलराउंडर विल जैक्स ने खुलासा किया है कि इस रोमांचक मुकाबले के आखिरी पलों में उनका दिल जोर से धक-धक कर रहा था.
विल जैक्स का बड़ा खुलासा
रोमांचक जीत के बाद विल जैक्स ने कहा, ‘मैं बहुत नर्वस था. बेहद नर्वस. मेरा दिल जोर-जोर से धड़क रहा था, लेकिन मुझे सैम करन पर पूरा भरोसा था. वह पहले भी ऐसी परिस्थितियों में गेंदबाजी कर चुके हैं और आज उन्होंने फिर कमाल किया. उनके यॉर्कर शानदार थे और उन्होंने दबाव में बेहतरीन तरीके से गेंदबाजी की.’
इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 184 रन किए थे, जिसके जवाब में नेपाल 6 विकेट खोकर 180 रनों तक पहुंच गया था. एक समय ऐसा लग रहा था कि नेपाल मैच जीत जाएगा. 14 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर 2 विकेट पर 123 रन था. दीपेंद्र सिंह एरी और रोहित पौडेल क्रीज पर थे. ऐसा लग रहा था कि यह साझेदारी मैच जिता देगी. लेकिन 15वें ओवर में सैम करन ने दीपेंद्र को 29 गेंदों पर 44 रन पर आउट कर दिया. इसके बाद अगले ओवर में लियाम डॉसन ने रोहित पौडेल को 34 गेंदों पर 39 रन पर पवेलियन भेज दिया था.
पूरा क्रेडिट नेपाल को जाता है- जैक्स
विल जैक्स ने मैच को रोमांचक बनाने के लिए नेपाल को क्रेडिट दिया. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि नेपाल को पूरा श्रेय जाता है. उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया. जब हम बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी समझ आ गया था कि पिच मुश्किल है, लेकिन उन्होंने हमारे खिलाफ बेहद शानदार खेल दिखाया और हमें आखिरी हद तक धकेल दिया. उन्होंने वाकई शानदार खेला.’
नेपाल ने गेंद से भी किया था कमाल
बल्ले से कमाल दिखाने से पहले नेपाल ने बढ़िया गेंदबाजी की थी. 18 ओवर में इंग्लैंड की टीम 5 विकेट खोकर 151 रन ही बना सकी थी. आखिरी के दो ओवरों में विल जैक्स ने तूफानी अंदाज में 33 रन बटोरे और टीम को 184 रनों तक पहुंचाया था. विल जैक्स ने करन केसी के खिलाफ आखिरी ओवर में तीन छक्के जड़ते हुए इंग्लैंड को 7 विकेट पर 184 रन तक पहुंचाया था.
हार से बाल-बाल बचा इंग्लैंड
मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले गए इस मैच में इंग्लैंड चौंकाने वाली हार से बाल-बाल बच गया. नेपाल को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन सैम करन की शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने बड़ा उलटफेर टाल दिया. ऑलराउंडर सैम करन ने आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन दिए, जिसमें लोकेश बाम (39*) और करण केसी (1*) कोई बाउंड्री नहीं लगा सके. इस मैच ने हर दर्शक को दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया, क्योंकि रोमांच का फुल तड़का था.
ये भी पढ़ें: ‘दुनिया देख रही है’…इंग्लैंड की सांसें अटकाने वाली नेपाल टीम ने जीता युवराज सिंह का दिल…तारीफ में मिली इतनी बड़ी बात