विदिशा जिले में ठग गिरोहों की सक्रियता की आशंका के चलते पुलिस अधीक्षक रोहित कसवानी ने आमजन और व्यापारियों के लिए अलर्ट जारी किया है। ये गिरोह खुदाई में 6 किलो सोना मिलने का झांसा देकर लोगों को ठगने का प्रयास कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से ऐसे किसी भी प्रस्ताव से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक कसवानी के अनुसार, ये गिरोह पहले लोगों का विश्वास जीतने के लिए सोने का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए देते हैं। यह टुकड़ा जांच में असली पाया जाता है। इसके बाद, बड़ी मात्रा में सोना दिखाने या सौदा तय करने के बहाने पीड़ितों को सुनसान या अज्ञात स्थानों पर बुलाया जाता है। इन स्थानों पर ठगी, लूट या अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है। अलवर समेत दूसरे राज्यों से जुड़े हो सकते हैं तार कुछ मामलों में गिरोह नकली धातु को असली सोना बताकर भी लोगों को ठग रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ये गिरोह अलवर (राजस्थान) सहित अन्य जिलों और राज्यों से आए हो सकते हैं। पुलिस ने विशेष रूप से सोनी और सुनार व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की है। सराफा व्यापारियों को सलाह यदि कोई अज्ञात व्यक्ति सोना जांच कराने या बड़ी मात्रा में सोना बेचने का दावा करता है, तो वे किसी भी प्रकार का लेन-देन या जांच न करें। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई है। आम नागरिकों से भी पुलिस ने अवैध सोने या खुदाई से जुड़े किसी भी प्रस्ताव से दूर रहने को कहा है। उन्हें अज्ञात व्यक्तियों से नकद लेन-देन न करने और अकेले मिलने से बचने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल नंबर 9479999398 या डायल-112 पर दी जा सकती है। पुलिस का मानना है कि समय पर मिली सूचना से बड़ी ठगी या गंभीर अपराधों को रोका जा सकता है।
Source link