नई दिल्ली: भारत क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के बीच अपने सालाना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा कर दी है. नए कॉन्ट्रैक्ट में कुल 30 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. इस बार के कॉन्ट्रैक्ट में सिर्फ तीन ए, बी और सी ग्रेड को रखा गया है. पिछली बार कुल चार ग्रेड थे. नए कॉन्ट्रैक्ट में A+ ग्रेड को हटाया गया है, जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी थे. ए+ ग्रेड में शामिल खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपए सैलरी मिलती थी. इसके अलावा 21 महिला क्रिकेटरों को ए, बी और सी श्रेणी के सालाना कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है.
वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और टेस्ट ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को ए ग्रेड में रखा गया है. हालांकि, बीसीसीआई ने तीनों ग्रेड की रिटेनरशिप फीस की घोषणा नहीं की है. इससे पहले ए श्रेणी में पांच करोड़ रूपए, बी में तीन करोड़ और सी में एक करोड़ रूपये दिए जाते थे. कोहली और रोहित टेस्ट और टी20 से संन्यास लेने के बाद एक ही फॉर्मेट में खेलते हैं और इसलिये उन्हें ग्रेड ए में नहीं रखा गया.
🚨 News 🚨
धोनी के सुझाव पर शुरू किया गया था ए+ ग्रेड
माना जाता है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सुझाव पर प्रशासकों की समिति ने ए प्लस ग्रेड की शुरूआत की थी. यह तीनों प्रारूपों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों के लिए था और इतने सालों में सिर्फ कोहली, रोहित , जडेजा और बुमराह ही इस श्रेणी में रहे हैं.अब इनमें से तीन एक या दो प्रारूपों से विदा ले चुके हैं लिहाजा बोर्ड सिर्फ बुमराह को ए प्लस श्रेणी में नहीं रखना चाहता. गिल का सभी प्रारूपों में खेलना तय नहीं है और टी20 विश्व कप की टीम में उन्हें जगह नहीं मिली है.
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले खिलाड़ी-
ग्रेड ए: शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा
ग्रेड बी: विराट कोहली, रोहित शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जयसवाल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर.
ग्रेड सी: अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नितीश रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई, रुतुराज गायकवाड़.