Last Updated:
Bhopal MBBS Student News: भोपाल GMC MBBS फर्स्ट ईयर की छात्रा की संदिग्ध मौत से हड़कंप मचा हुआ है. छात्रा का शव हॉस्टल के बाथरूम में मिला, पास खाली एसिड बोतल भी थी. अक्टूबर 2025 में एडमिशन लिया था. कॉलेज प्रशासन को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
छात्रा रोशनी. (फाइल)
रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
Bhopal News: भोपाल में मेडिकल छात्रा की मौत से हड़कंप मच गया. गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) की प्रथम वर्ष की छात्रा रोशनी (19) का शव बाथरूम में पड़ा मिला. वह कोहेफिजा थाना क्षेत्र के एक प्राइवेट हॉस्टल में रहती थी. पास में ही एसिड की खाली बोतल बरामद हुई है. जांच में पढ़ाई के तनाव के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है.
गार्ड की मदद से तोड़ा दरवाजा
रोशनी अलीराजपुर जिले की निवासी थी. उसने अक्टूबर 2025 में ही GMC में MBBS फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था. वह डे-स्कॉलर थी. मंगलवार सुबह कॉलेज न पहुंचने पर दोस्त उसे बुलाने पहुंचे. बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब न मिलने पर गार्ड की मदद से कमरे और बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया. रोशनी बेहोश अवस्था में पड़ी मिली.
छात्रों ने अस्पताल पहुंचाया
छात्रों ने तुरंत उसे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. GMC डीन डॉ. आरएस मौर्य ने बताया कि रोशनी पढ़ाई के तनाव में थी. उसके मोबाइल में कुछ मैसेज मिले हैं, जिनसे मानसिक दबाव का पता चलता है. शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आएगी.
बेटी डॉक्टर बनना चाहती थी…
मृतका के पिता वंतर सिंह कलेश के मुताबिक, बेटी ने नीट की परीक्षा निकाली थी और वो डॉक्टर बनना चाहती थी. पिछली बार जब घर आई थी तो बोल रही थी कि थोड़ा कठिन हो रहा है, मगर मैनेज कर लेगी. उन्हें क्या पता था कि बेटी इतने दबाव में थी कि आत्मघाती कदम उठा लेगी. परिजन गहरे सदमे हैं.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. कोहेफिजा थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. छात्रों में मातम का माहौल है. GMC प्रशासन ने छात्राओं के लिए काउंसलिंग का इंतजाम करने की बात कही है. यह घटना MBBS की कड़ी पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दे को एक बार फिर उठा रही है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें