Abhishek Sharma Health Update: टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है. विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ मैच से लगभग बाहर हो गए हैं. वह बीमार होने के कारण दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं और वहां उनका ईलाज सोमवार से हो रहा है. वह मंगलवार को भी अस्पताल में ही रहे और अभी उनकी हालत पहले से ठीक है. टीम इंडिया गुरुवार (12 फरवरी) को नामीबिया के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलेगी.
गंभीर के घर डिनर में जाने से पहले ही हुए थे बीमार
अभिषेक पेट की खराबी और वायरल फीवर से जूझ रहे हैं. रविवार को मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर हुए टीम डिनर में भी उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही थी. वह थोड़ी देर में ही वहां से चले गए थे. इसके बाद अगले दिन उन्हें भर्ती कराया गया और वह अभी भी अस्पताल में ही है. टीम प्रबंधन लगातार उनके संपर्क में है और बीसीसीबी की मेडिकल टीम अभिषेक पर नजर रख रही है.
ये भी पढ़ें: ’ICC पीछे हटा, PCB नहीं…’, यू-टर्न के बाद फिर नौटंकी कर रहा पाकिस्तान, सरेआम बेइज्जती के बाद भी नहीं सुधरा
अभिषेक को बुलाने की जल्दी नहीं
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिषेक को पूरी तरह ठीक होने में कम से कम दो और दिन लगेंगे. टीम मैनेजमेंट उनकी बीमारी के बाद उन्हें जल्दी वापस नहीं बुलाना चाहता. हालांकि, असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने ओपनर की अवेलेबिलिटी को लेकर थोड़ी उम्मीद जताई है. टेन डोएशेट ने कहा, ”अभिषेक शर्मा के पेट में अभी भी कुछ दिक्कतें हैं, हमें उम्मीद है कि वह मैच के लिए अवेलेबल रहेंगे.”
सैमसन को मिलेगा मौका?
अभिषेक का नामीबिया के खिलाफ खेलना बहुत ज्यादा मुश्किल है. उनकी जगह संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है. सैमसन ने दिल्ली में अभ्यास सत्र के दौरान मंगलवार को बहुत पसीना बहाया. वह ईशान किशन के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं. 15 फरवरी को पाकिस्तान के विरुद्ध होने वाले मुकाबले में अभिषेका का खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा.
ये भी पढ़ें: कमिंस, स्टार्क-हेजलवुड के बिना ऑस्ट्रेलिया की अग्निपरीक्षा, इंग्लैंड-वेस्टइंडीज में भी टक्कर, कब-कहां देखें मैच?
बुमराह फिट, सुंदर भी लौटे
भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वायरल फीवर से ठीक हो गए हैं और सेलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे. बुमराह वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ शुरुआती मैच में नहीं खेले थे. उनकी गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी में ओपनिंग की थी. दिल्ली में वॉशिंगटन सुंदर के आने से टीम को और मजबूती मिली है, जो तीन हफ्ते तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद टीम में वापस आए हैं.