ऑनलाइन सेंटर संचालक पर बुजुर्ग से ठगी का आरोप: पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार; साइबर टीम को जांच के निर्देश दिए – Mauganj News

ऑनलाइन सेंटर संचालक पर बुजुर्ग से ठगी का आरोप:  पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार; साइबर टीम को जांच के निर्देश दिए – Mauganj News




मऊगंज जिले में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन सेंटर संचालक पर फिंगरप्रिंट मशीन का दुरुपयोग कर एक बुजुर्ग के बैंक खाते से 28 हजार रुपए से अधिक निकालने का आरोप है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करह उर्फ खैरागढ़ के निवासी रामाधार सौंधिया (70) के साथ हुई। पीड़ित के अनुसार, क्षेत्र में संचालित अरविंद ऑनलाइन सेंटर के संचालक अरविंद कुशवाहा ने उनके इंडियन बैंक खाते से विभिन्न तिथियों में कुल 28,200 रुपए निकाल लिए। हर बार सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर बुजुर्ग को गुमराह किया गया। पीड़ित एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया दिसंबर 2023 में जब रामाधार सौंधिया ने अपना बैंक स्टेटमेंट निकलवाया, तब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। थाने से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर पीड़ित बुधवार को मऊगंज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी को एक आवेदन सौंपकर मामले की जांच, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की। एसपी ने जांच के निर्देश देकर सतर्क रहने की सलाह दी पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल साइबर टीम को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन से साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील भी की। एसपी ने कहा कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें, ओटीपी किसी से साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और एटीएम कार्ड को सुरक्षित रखें। उन्होंने जोर दिया कि जागरूकता ही साइबर अपराध पर नियंत्रण का सबसे प्रभावी माध्यम है।



Source link