बड़वानी में गुरुवार 12 फरवरी से ‘निमाड़ गोल्ड कप ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट’ का आगाज होने जा रहा है। इस बड़े मुकाबले के लिए बेंगलुरु, गुजरात और मुंबई जैसी जगहों से नामी टीमें बड़वानी पहुंच चुकी हैं। मैच शुरू होने से एक दिन पहले बुधवार को खिलाड़ियों ने शहर में मार्च पास्ट निकाला। ढोल-ताशों के साथ निकले इस जुलूस में वाल्मीकि क्लब और मेजबान यंग ब्रदर्स की टीमें शामिल हुईं। आयोजन समिति के अध्यक्ष विष्णु बनडे ने बताया कि यह उनकी पुरानी परंपरा है, जिसके जरिए वे शहर के लोगों को मैच देखने के लिए न्योता देते हैं। यह मार्च पास्ट मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौराहों से होता हुआ वापस वहीं खत्म हुआ। देश की 8 बड़ी टीमें दिखाएंगी दम यंग ब्रदर्स फुटबॉल क्लब की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट चार दिनों तक चलेगा। इसमें देश की कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें बेंगलुरु, आनंद (गुजरात), अहमदाबाद, नागपुर, रायसेन, नीमच और मेजबान बड़वानी की टीमें शामिल हैं। कल होंगे दो मुकाबले मिडिल स्कूल फुटबॉल मैदान पर गुरुवार से मैच शुरू होंगे। हर दिन दो मैच खेले जाएंगे: पहला मैच: दोपहर 1 बजे मुंबई कस्टम और एनएफसी नीमच के बीच। दूसरा मैच: दोपहर 3 बजे एमईजी बेंगलुरु और बिल्डअप रायसेन के बीच। प्रतियोगिता का मुख्य मकसद बड़वानी में फुटबॉल के खेल को बढ़ावा देना है। इसके लिए मैदान पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Source link