मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 14 फरवरी को बुरहानपुर दौरा प्रस्तावित है। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार शाम बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी देवेंद्र पाटीदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल नेहरू स्टेडियम ग्राउंड सहित प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, हेलीपैड, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक अर्चना चिटनिस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के नगर प्रवास के दौरान आम जनता को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और शहर में आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पूर्व नियोजित कार्य योजना बनाई जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा घेरे और पार्किंग व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार करने की बात कही। मुख्यमंत्री के हाथों करोड़ों रुपए की लागत के अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण प्रस्तावित है।
Source link