रायसेन में बड़ा हादसा टला, चलती बस का टायर फटा: तेज रफ्तार सागर–भोपाल बस हुई अनियंत्रित, चालक की सूझबूझ से 60 यात्रियों की जान बची – Raisen News

रायसेन में बड़ा हादसा टला, चलती बस का टायर फटा:  तेज रफ्तार सागर–भोपाल बस हुई अनियंत्रित, चालक की सूझबूझ से 60 यात्रियों की जान बची – Raisen News




रायसेन में बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सागर से भोपाल जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस का अगला टायर अचानक फट गया। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। टायर फटते ही बस कुछ पल के लिए अनियंत्रित हो गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर सड़क किनारे रोक लिया, जिससे सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना सागर रोड पर विद्युत ग्रामीण कार्यालय के सामने की है। यात्रियों के मुताबिक, बस की रफ्तार करीब 70 से 80 किमी प्रति घंटा थी। अचानक जोरदार धमाके की आवाज आई, जिससे अंदर बैठे यात्री घबरा गए। गैरतगंज से भोपाल जा रहे यात्री तीरथ सिंह और सौरभ जैन ने बताया कि टायर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ देर के लिए सभी को लगा कोई बड़ा हादसा हो गया है। बस रुकने के बाद जब यात्री नीचे उतरे, तब उन्हें टायर फटने की जानकारी मिली। इसके बाद टायर बदलने में काफी समय लग गया, जिससे यात्रियों को सड़क किनारे परेशानी झेलनी पड़ी। पहले भी हो चुके हैं गंभीर हादसे जिले में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 13 और 14 जनवरी की दरमियानी रात इंदौर-रीवा रूट की एक बस में अचानक आग लग गई थी। उस समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। एक ट्रक चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित उतार लिया गया था, लेकिन बस पूरी तरह जलकर राख हो गई थी। वहीं, मंगलवार देर शाम जिले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की घटना भी सामने आई थी, जिसे एक नाबालिग चला रहा था। आरटीओ की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल लगातार हो रही इन घटनाओं ने जिला परिवहन विभाग (आरटीओ) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि आरटीओ द्वारा न तो नियमित रूप से वाहनों की फिटनेस जांच की जा रही है और न ही नियम तोड़ने वाले चालकों पर सख्ती की जा रही है। इसी लापरवाही के चलते जिले में सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।



Source link