MP Apex Bank Vacancy: सरकारी बैंक में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. हाल ही में मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (MP Apex Bank) ने भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया था. इस भर्ती के जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में कुल 2076 पद भरे जाएंगे. खास बात ये है कि इसमें क्लर्क से लेकर ऑफिसर ग्रेड तक के पद शामिल हैं, यानी ग्रेजुएट युवाओं के लिए सुनहरा मौका. अगर आप भी ये नौकरी पाना चाहते हैं तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप भी ये एग्जाम क्रैक कर सकते हैं.
सोसायटी मैनेजर ने दी ये टिप्स
मप्र के सीधी में 2 साल से सोसायटी मैनेजर (समिति प्रबंधक) के पद पर कार्यरत अंकित कुमार मिश्रा लोकल 18 से बातचीत में बताते हैं कि मप्र में पिछली बार भी अपेक्स बैंक में सोसायटी मैनेजर और कंप्यूटर असिस्टेंट(कंप्यूटर ऑपरेटर) वैकेंसी आई थी. पहली बार इन पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा को आईबीपीएस ने कंडक्ट कराया था. इस बार भी आईबीपीएस एजेंसी ही इस परीक्षा को कंडक्ट करा रही है. इसलिए सिलेबस और एग्जाम पैटर्न वही रहेगा जो RRB Clerk, RRBPO,SBI और IBPS क्लर्क,पीओ जैसी एग्जाम में रहता है.
5 सेक्शन में रहेगा क्वेश्चन पेपर
मैथ्स, रीजनिंग, कंप्यूटर नॉलेज, अंग्रेजी और जनरल अवेयरनेस जैसे 5 सेक्शन रहते हैं जिसमें सेक्शनल टाइमिंग रहती है. मैथ्स और रीजनिंग में सबसे ज्यादा फोकस करना है क्योंकि सिलेक्शन दिलाने में यही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. हालांकि, अंग्रेजी भाषा और जनरल अवेयरनेस में भी पकड़ जरूरी है. कंप्यूटर नॉलेज 20 मार्क्स का ही है इसलिए इसे कम समय में भी पढ़ सकते हैं.
ऐसे करें तैयारी
जो भी एसपिरेंट अपेक्स बैंक की यह नौकरी करना चाहते हैं वह मैथ्स और रीजनिंग की प्रेक्टिस सबसे ज्यादा करें. इन दोनों में से किसी एक सेक्शन पर 100 परसेंट पकड़ बना लें. बाकि सेक्शन में एवरेज भी करते हैं तो भी चलेगा. समय कम है तो मॉक टेस्ट पर ज्यादा से ज्यादा लगाएं. प्रीवियस पेपर देखें, क्वेश्चन पैटर्न समझें और प्रेक्टिस करें. बैंक क्लर्क लेवल के प्रश्नों को हल करें.
रीडिंग प्रेक्टिस से अंग्रेजी भाषा में बनाएं पकड़
अंकित बताते हैं कि अंग्रेजी भाषा के सेक्शन में 60 से 70 फीसदी क्वेश्चन रीडिंग बेसिस पर होते हैं. इसलिए ज्यादा से ज्यादा इंग्लिश रीडिंग करें. वहीं जनरल अवेयरनेस के लिए एमपी और इंडिया का स्टेटिक और करंट अफेयर्स पर फोकस करें.
संभावित कट ऑफ
अंकित बताते हैं कि पिछली बार जनरल का कट ऑफ 140 प्लस गया था. इस बार जिला स्तर पर कट ऑफ लिस्ट बनेगी इसलिए कट ऑफ कम या ज्यादा हो सकता है. दरअसल, पिछली बार 38 जिलों की वैकेंसी के लिए एप्लाई कर सकते थे लेकिन इस बार सिर्फ एक ही जिले के लिए एप्लाई कर सकते हैं.
कितने पद और किसके लिए
MP Apex Bank भर्ती 2026 में दो कैटेगरी में भर्तियां होंगी. पहली कैटेगरी में कंप्यूटर ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर (संविदा) और सोसायटी मैनेजर के कुल 1763 पद हैं. दूसरी तरफ ऑफिसर ग्रेड के 313 पद निकाले गए हैं, जिनमें ब्रांच मैनेजर, अकाउंटेंट, कंप्यूटर प्रोग्रामर और फाइनेंशियल एनालिस्ट जैसे पद शामिल हैं। पदों का आरक्षण और जिलेवार बंटवारा आधिकारिक नोटिफिकेशन में दिया गया है.
योग्यता क्या होनी चाहिए
क्लर्क, कंप्यूटर ऑपरेटर और सोसायटी मैनेजर पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है. साथ ही हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग का ज्ञान और कंप्यूटर से जुड़ी योग्यता मांगी गई है. ऑफिसर ग्रेड के पदों के लिए पोस्ट के अनुसार B.E./B.Tech, MCA, MBA, CA, ICWA जैसी डिग्री और संबंधित अनुभव जरूरी है. सभी डिग्रियों का रिजल्ट 30 नवंबर 2025 तक घोषित होना चाहिए.
उम्र सीमा और छूट
सामान्य पदों के लिए उम्र 18 से 35 साल रखी गई है, जबकि संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए अधिकतम उम्र 55 साल है. मध्य प्रदेश के स्थायी निवासियों को नियमों के मुताबिक SC/ST, OBC, महिला और दिव्यांग वर्ग में उम्र की छूट भी मिलेगी.
सैलरी कितनी मिलेगी
MP Apex Bank भर्ती में सैलरी जिला बैंक के हिसाब से तय होगी. ज्यादातर बैंकों में लेवल 4 (19,500 से 62,000 रुपये) और कुछ में लेवल 7 (28,700 से 91,300 रुपये) तक वेतन मिलेगा। कुछ जिलों में 6th Pay Scale भी लागू होगी.
चयन कैसे होगा
चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन परीक्षा पर आधारित होगी, जिसे IBPS मुंबई द्वारा कराया जाएगा. परीक्षा में कुल 200 सवाल, 200 अंक के होंगे और नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी. मेरिट लिस्ट परीक्षा अंकों के आधार पर बनेगी.
आवेदन कैसे करें
इच्छुक उम्मीदवार apexbankmp.bank.in पर जाकर 06 जनवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करते समय फोटो, सिग्नेचर, अंगूठे का निशान और हस्तलिखित घोषणा अपलोड करना जरूरी है.