ग्वालियर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी का एहसास होने लगा है। बदलते मौसम का असर लोगों की दिनचर्या और सेहत दोनों पर दिखाई दे रहा है। गुरुवार को ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को सुबह का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी से सर्दी का असर अब कम होता नजर आ रहा है। बदली लोगों की दिनचर्या मौसम में आए बदलाव का असर लाेगों की दिनचर्या पर भी दिख रहा है। सुबह जल्दी उजाला होने लगा है और लोग देर शाम तक बाहर नजर आ रहे हैं। वहीं दोपहर की तेज धूप से बचने के लिए लोग घरों से कम निकल रहे हैं। अधिकांश लोगों ने गर्म कपड़े पहनना भी कम कर दिया है। अस्पतालों में बढ़े मरीज बदलते मौसम का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। शहर के अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, बुखार, आंखों और नाक में खुजली जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉ. अजय पाल के अनुसार, बदलते मौसम में सावधानी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विदाई लेती सर्दी लोगों को अधिक नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखना जरूरी है। बच्चों को अभी गर्म कपड़े पहनाने और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
Source link