भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को महा भिड़ंत होनी है. दोनों देश इस ऐतिहासिक जंग के लिए तैयारियों में जुट गए हैं.ये हाईवोल्टेज मुकाबला श्रीलंका के प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाना है. 2026 टी20 विश्व कप में होने वाले इस महामुकाबले से पहले बाबर आजम को एक टॉक शो के दौरान पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ, मोहम्मद आमिर और अहमद शहजाद ने जमकर ट्रोल किया. पहले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ संघर्ष करने के बाद अमेरिका के खिलाफ लय हासिल करने के बाद से ही बाबर की फॉर्म और स्ट्राइक रेट सवालों के घेरे में है. पिछले मैच बाबर 50 रन लगाते-लगाते रहे गए थे. ऐसे में भारत के खिलाफ आगामी मुकाबले में सभी की नजरे उनपर होने वाली है. अगर इस मुकाबले में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं करेंगे, तो उनके लिए समस्याएं और बढ़ने वाली हैं.
बाबर की लगाई क्लास
हालांकि, 2021 टी20 विश्व कप में बाबर आजम के शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी प्रतियोगिताओं में भारत के खिलाफ उनके प्रदर्शन को लेकर वर्षों से काफी आलोचनाएं झेलनी पड़ी हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए शहजाद ने शो में शर्त लगाई कि अगर बाबर आजम भारत के खिलाफ मैच जिताने वाली पारी खेलते हैं, तो वह दर्शकों को मुफ्त खाना खिलाएंगे. शहजाद ने कहा, “अगर बाबर आजम, इंशाल्लाह, भारत के खिलाफ मैच जीत जाते हैं, तो पूरे दर्शकों को खाना मेरी तरफ से मिलेगा. जो भी खर्चा होगा, वो मेरी तरफ से होगा.”
आमिर की अनोखी शर्त
प्रेजेंटर ने आमिर से पूछा कि उनकी शर्त क्या होगी और सुझाव दिया कि अगर पाकिस्तानी स्टार बाबर मैच जीतते हैं और 160 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं, तो पूर्व तेज गेंदबाज को संन्यास लेने का अपना फैसला बदल देना चाहिए. आमिर इस शर्त पर संन्यास लेने के बारे में सोचने के लिए सहमत हुए कि बाबर का स्कोर 30 से अधिक होना चाहिए. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा भारत के खिलाफ आगामी मुकाबले में बाबर आजम का क्या प्रदर्शन करते हैं.
कैसा है बाबर का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड
बाबर ने भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सिर्फ 105 रन बनाए हैं, जिनका औसत 26.25 और स्ट्राइक रेट 128.05 है। 2021 टी20 विश्व कप में 68 रन बनाकर नाबाद रहने के बाद से, पाकिस्तान के इस स्टार खिलाड़ी ने भारत के खिलाफ 10, 14, 0 और 13 रन बनाए हैं, आखिरी दो स्कोर उन्होंने 2022 और 2024 के टी20 विश्व कप में बनाए थे, जिसका मतलब है कि रविवार को कोलंबो में होने वाले इस मुकाबले में सबकी निगाहें उन पर होंगी.
ये भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका की सबसे बड़ी जीत, ओमान को 105 रनों से हराकर बनाया विश्व रिकॉर्ड