रतलाम में पुलिस ने पुलिस का काटा चालान: बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर कार्रवाई; बहाने बनाते रहे, ट्रैफिक पुलिस ने नहीं सुनी – Ratlam News

रतलाम में पुलिस ने पुलिस का काटा चालान:  बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर कार्रवाई; बहाने बनाते रहे, ट्रैफिक पुलिस ने नहीं सुनी – Ratlam News




रतलाम में अब पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट के टू-व्हीलर नहीं चला सकेंगे। गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने एसपी अमित कुमार के निर्देश पर अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाले पुलिसकर्मियों के चालान काटे। डीआईजी और एसपी ऑफिस आने वाले पुलिसकर्मियों को रोका गया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी बहाने बनाते नजर आए, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने किसी की नहीं सुनी और कार्रवाई की। ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरुप सोनी ने ट्रैफिक थाना प्रभारी और बल के साथ डीआईजी व एसपी ऑफिस के बाहर चेकिंग लगाई। यहां आने वाले पुलिसकर्मियों को रोका गया। कई पुलिसकर्मी जल्दी में होने की बात कहकर या विभागीय काम से जाने का बहाना बनाने लगे। कुछ ने कोर्ट में वारंट तामील कराने की बात कही। पुलिस लाइन से आने वाले पुलिसकर्मियों को भी रोका गया। ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कुल 8 पुलिसकर्मियों के चालान काटे। कई के पास जेब में नकद रुपए नहीं थे, तो उनसे ऑनलाइन चालान राशि जमा करवाई गई। भास्कर की खबर का असर सोमवार को पुलिस ने रतलाम शहर में बिना नंबर वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने पुलिसकर्मियों के वाहनों को नहीं रोका था, सिर्फ आम लोगों पर कार्रवाई की थी। दैनिक भास्कर डिजिटल ने इस मुद्दे को ‘ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के चालान काटे, पुलिसकर्मियों को छोड़ा’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के बाद पुलिस ने गुरुवार को आमजन को छोड़कर अपने ही विभाग के लोगों के खिलाफ यह कार्रवाई की। डीएसपी बोले- पुलिस से शुरुआत की है ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी ने बताया, “सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं। हेलमेट पहनना जरूरी है। प्रतिदिन जो दुर्घटना हो रही है उसमें मरने वालों की संख्या टू व्हीलर वालों की है। उसका कारण निकलकर आया है कि बिना हेलमेट के सिर में चोट होना। विभागीय आदेश भी निकला है। इसलिए सबसे पहले हमने पुलिस से शुरुआत की है। ताकि हमारे पुलिसकर्मी टू व्हीलर चलाते समय सुरक्षित रहे। टू व्हीलर चलाते समय हेलमेट पहने। हमने एसपी ऑफिस से शुरूआत की है।”



Source link