रोज के 50 रुपये जमा करने पर मिलेंगे 35 लाख, पोस्ट ऑफिस की धांसू स्कीम

रोज के 50 रुपये जमा करने पर मिलेंगे 35 लाख, पोस्ट ऑफिस की धांसू स्कीम


Last Updated:

Indian Post Office Schemes: प्रमोद अग्निहोत्री ने लोकल 18 को बताया कि निवेशक अपनी सुविधा के अनुसार मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक या वार्षिक आधार पर प्रीमियम जमा कर सकते हैं. इस स्कीम की खास बात यह है कि पॉलिसी लेने के चार साल बाद लोन की सुविधा भी मिल जाती है.

सीधी. भारतीय पोस्ट ऑफिस की कई बचत योजनाएं लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय हैं. इन योजनाओं में पैसे लगाने पर कोई जोखिम नहीं रहता और रिटर्न की पूरी गारंटी मिलती है. इसी वजह से लाखों लोग पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में निवेश कर रहे हैं. अगर आप बिना जोखिम के सुरक्षित निवेश की तलाश में हैं, तो भारतीय डाक विभाग की ग्राम सुरक्षा योजना आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है. रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस के तहत संचालित यह योजना खासतौर पर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लोगों को ध्यान में रखकर बनाई गई है. कम आमदनी वाले लोग भी इसमें छोटी राशि से बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं.

मध्य प्रदेश के सीधी के डाकघर सहायक अधीक्षक प्रमोद अग्निहोत्री ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में रोजाना सिर्फ ₹50 यानी महीने के ₹1500 जमा कर भविष्य में 35 लाख रुपये तक का फंड बनाया जा सकता है. ग्राम सुरक्षा योजना एक जीवन बीमा पॉलिसी है, जिसमें निवेश के साथ सुरक्षा का लाभ भी मिलता है. इसमें न्यूनतम ₹10,000 और अधिकतम ₹10 लाख तक का बीमा कवर लिया जा सकता है. 19 से 55 वर्ष तक का कोई भी भारतीय नागरिक इस योजना में शामिल हो सकता है.

चार साल बाद लोन की सुविधा
प्रमोद अग्निहोत्री ने आगे बताया कि निवेशक अपनी सुविधा के अनुसार मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक या वार्षिक आधार पर प्रीमियम जमा कर सकते हैं. इस योजना की खास बात यह है कि पॉलिसी लेने के चार साल बाद लोन की सुविधा भी मिलती है. जरूरत पड़ने पर तीन साल बाद पॉलिसी सरेंडर की जा सकती है. हालांकि पांच साल से पहले सरेंडर करने पर बोनस का लाभ नहीं मिलता.

बीमा राशि के साथ बोनस
प्रमोद अग्निहोत्री ने बताया कि अगर पॉलिसी धारक की मृत्यु योजना की अवधि पूरी होने से पहले हो जाती है, तो नामांकित व्यक्ति को बीमा राशि के साथ अर्जित बोनस भी दिया जाता है. योजना की मैच्योरिटी अधिकतम 80 वर्ष की आयु तक रखी जा सकती है, जिससे लंबी अवधि में बड़ा रिटर्न मिलने की संभावना रहती है.

कैसे मिलते हैं ₹35 लाख
प्रमोद अग्निहोत्री के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति 19 साल की उम्र में इस योजना में शामिल होकर हर महीने ₹1500 जमा करता है, तो मैच्योरिटी पर उसे लगभग ₹31 लाख से ₹35 लाख तक की राशि मिल सकती है. अंतिम रकम पॉलिसी की अवधि, बीमा राशि और घोषित बोनस दर पर निर्भर करती है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link