गुना नगरपालिका परिषद का सम्मेलन शुक्रवार दोपहर 3 बजे परिषद हॉल में आयोजित होगा। पिछली बैठक में भारी विरोध के कारण पांच में से चार प्रस्ताव पास नहीं हो पाए थे। इस बार वही प्रस्ताव फिर से एजेंडे में रखे गए हैं, इसलिए बैठक के फिर से हंगामेदार रहने की संभावना है। पिछली बैठक में चार प्रस्ताव अटक गए थे सितंबर में हुई पिछली बैठक में पांच प्रस्ताव रखे गए थे। लेकिन कांग्रेस पार्षदों के साथ भाजपा के 12 पार्षदों ने भी चार प्रस्तावों का विरोध किया था। इसी कारण वे प्रस्ताव पास नहीं हो सके। अब उन्हीं मुद्दों पर दोबारा चर्चा होगी। रेलवे स्टेशन को 1.56 करोड़ का वाटर कनेक्शन प्रस्ताव बैठक का सबसे अहम प्रस्ताव गुना रेलवे स्टेशन को बल्क वाटर कनेक्शन देने का है। इस काम पर 1.56 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसकी पूरी राशि रेलवे देगा। इससे यात्रियों और शहरवासियों को साफ पेयजल मिलेगा और नगर पालिका को हर महीने पानी शुल्क के रूप में अतिरिक्त आय भी होगी। पिछली बार यह प्रस्ताव पास नहीं हो सका था। सड़कों के डामरीकरण पर भी चर्चा शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिला न्यायालय से नानाखेड़ी पेट्रोल पंप तक 2.10 करोड़ रुपये और हनुमान चौराहे से जज्जी बस स्टैंड ओवरब्रिज तक 1.50 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के डामरीकरण का प्रस्ताव रखा गया है। बताया गया है कि ये सड़कें भारी बारिश से खराब हो गई थीं। इसके अलावा 37 वार्डों में 12.10 करोड़ रुपये के विकास कार्य—जैसे सड़क, नाली और पार्क—की समीक्षा भी होगी। ऑडिटोरियम और अन्य निर्माण कार्य एजेंडे में शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए 300 की जगह 600 सीटों वाला ऑडिटोरियम बनाया गया है। इसके बचे हुए काम के लिए 60 लाख रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही गीता भवन निर्माण और प्रधानमंत्री आवास परिसर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का मुद्दा भी चर्चा में रहेगा। नपाध्यक्ष की शांति बनाए रखने की अपील नपाध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने पिछली बैठक के हंगामे को याद करते हुए सभी पार्षदों से शांति और गरिमा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परिषद में अधिकतर महिला पार्षद हैं और शहर की छवि खराब न हो, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक लोगों की सुविधा के लिए अस्थायी मरम्मत कराई गई है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।
Source link