छतरपुर में ढाबे पर अवैध सिलेंडर रिफिलिंग: अचानक लगी आग, कारीगर गंभीर रूप से झुलसा, तंदूर की चिंगारी भड़की आग – Chhatarpur (MP) News

छतरपुर में ढाबे पर अवैध सिलेंडर रिफिलिंग:  अचानक लगी आग, कारीगर गंभीर रूप से झुलसा, तंदूर की चिंगारी भड़की आग – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा क्षेत्र में कुर्रराहा रोड स्थित पटेल ढाबे पर अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिल करते समय अचानक आग लग गई। इस हादसे में ढाबे का कारीगर रवि चौरसिया गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल रवि चौरसिया के अनुसार, यह घटना तब हुई जब ढाबे में उपयोग हो रहे एक गैस सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। जिस सिलेंडर में गैस डाली जा रही थी, उसका वाल्व (बासर) ठीक से नहीं लगा, जिससे तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। तंदूर से निकली चिंगारी लगी आग
रवि ने हाथ से गैस रोकने का प्रयास किया, लेकिन गैस का दबाव इतना अधिक था कि वह सफल नहीं हो सका। इसी दौरान, गैस के दबाव से सिलेंडर गिरकर तेजी से घूमने लगा। पास ही जल रहे तंदूर से निकली चिंगारी या लपटों ने लीक हो रही गैस को पकड़ लिया और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ढाबे के कर्मचारी और ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। गनीमत रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग की चपेट में आने से रवि चौरसिया गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गढ़ीमलहरा थाने की टीआई रीता सिंह ने बताया कि पटेल ढाबे पर सिलेंडर बदलते समय यह हादसा हुआ है। उन्होंने पुष्टि की कि आग से एक युवक घायल हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link