नीमच में सीएम राइज स्कूल भवन निर्माण में चार साल की देरी पर पालक महासंघ मध्य प्रदेश की जिला इकाई ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को अंतिम ज्ञापन सौंपा है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मार्च 2026 तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो 40 करोड़ रुपए की स्वीकृत राशि लैप्स हो सकती है, जिससे छात्रों को नुकसान होगा। यह ज्ञापन शुक्रवार शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में डिप्टी कलेक्टर श्रुति भयड़िया को सौंपा गया। पालक संघ ने बताया कि राशि लैप्स होने से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर सीधा असर पड़ेगा। पालक संघ की मीडिया प्रभारी आशा सांभर ने बताया कि लंबे समय से भवन निर्माण के लिए भूमि का चयन न होना चिंताजनक है। वर्तमान में पुराना स्कूल भवन कमरों की कमी से जूझ रहा है। अंग्रेजी माध्यम की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण प्रतिवर्ष लगभग 400 छात्र-छात्राओं को निजी स्कूलों में दाखिला लेना पड़ता है। इससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। संघ ने इससे पहले भी कलेक्टर, विधायक और प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। यह नवीनतम ज्ञापन पालक संघ के जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया। इस अवसर पर कपिल शुक्ला, सतीश शर्मा, राकेश देवड़ा, शशिकांत दुबे, बालकृष्ण सोलंकी, राजमल व्यास, ब्रजमोहन सिंहल, अशोक सोनी, आशा सांभर, भावना कांठेड़, ऊषा सोनी, एडवोकेट श्वेता शर्मा और वंदना सिंहल सहित कई सदस्य मौजूद थे।
Source link