पूजा के लिए मांगने गई दूध, किसान बोला- आ गई भीख मांगने, महिला ने चबा दी उंगली

पूजा के लिए मांगने गई दूध, किसान बोला- आ गई भीख मांगने, महिला ने चबा दी उंगली


Last Updated:

Raisen News: झगड़े के दौरान मायाबाई कोरी ने अपने पड़ोसी किसान लक्ष्मण सिंह कोरी का हाथ पकड़ लिया और उसकी एक उंगली अपने मुंह में डालकर चबा दी. पीड़ित की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है.

Zoom

महिला ने गुस्से में किसान की उंगली चबा दी. (फोटो- AI)

रायसेन. मध्य प्रदेश में रायसेन जिले के एक गांव में बीते दिन एक महिला ने किसान की उंगली चबा डाली. महिला ने किसान से पूजा के लिए गाय का दूध मांगा था. उसने इनकार किया, तो उन दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. कहासुनी इतनी बड़ी कि कथित तौर पर महिला ने किसान की उंगली चबा डाली. इसके बाद घायल किसान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. पुलिस के एक अफसर ने इस बारे में जानकारी दी. आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.

घटना रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र की है. थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 26 किमी दूर सलामतपुर थाना क्षेत्र में आने वाले बांसखेड़ा गांव की है. पीड़ित किसान का नाम लक्ष्मण सिंह कोरी है. उसने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोसी महाराज सिंह कोरी की पत्नी मायाबाई कोरी गुरुवार सुबह उनके घर पर गाय का दूध मांगने के लिए आई थी. जब उन्होंने दूध देने से मना किया, तो उनके बीच कहासुनी होने लगी. पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद मायाबाई उन्हें गाली देने लगी.

महिला के खिलाफ केस दर्ज
थाना प्रभारी ने आगे कहा कि झगड़े के दौरान मायाबाई ने लक्ष्मण सिंह का हाथ पकड़ लिया और उसकी एक उंगली अपने मुंह में डालकर चबा दी. घायल किसान का इलाज चल रहा है. उसकी मेडिकल जांच की गई. आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, मायाबाई ने पूछताछ में बताया कि वह हर बृहस्पतिवार को व्रत रखती है और पीले वस्त्र धारण कर गाय के दूध, पीले फल-फूल, चने की दाल और गुड़ से भगवान विष्णु की पूजा करती है.

इस बात पर आया गुस्सा
रायसेन पुलिस ने मायाबाई के हवाले से बताया कि वह पूजा करने के लिए पड़ोसी लक्ष्मण सिंह कोरी के पास गाय का थोड़ा दूध मांगने गई थी लेकिन उसने गुस्से में मना कर दिया. उसने कहा, ‘आ गई भीख मांगने.’ इसी बात पर मायाबाई को गुस्सा आ गया और उसने लक्ष्मण की उंगली चबा डाली. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link