फीस न भरने से परीक्षा से चूके छात्र: 23 छात्रों को अब परीक्षा में बैठने की अनुमति, पेरेंट्स ने किया प्रदर्शन, स्कूल पर होगी कार्रवाई – Khargone News

फीस न भरने से परीक्षा से चूके छात्र:  23 छात्रों को अब परीक्षा में बैठने की अनुमति, पेरेंट्स ने किया प्रदर्शन, स्कूल पर होगी कार्रवाई – Khargone News




खरगोन जिले के भीकनगांव स्थित निजी गायत्री विद्यापीठ हायर सेकेंडरी स्कूल के 23 छात्रों को आखिरकार परीक्षा में बैठने की अनुमति मिल गई है। स्कूल प्रबंधन ने फीस जमा नहीं की थी, जिस कारण छात्रों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी नहीं हो पाए थे। इन छात्रों में 10वीं के 13 और 12वीं के 10 विद्यार्थी शामिल हैं। फीस जमा न होने से वे परीक्षा से वंचित हो रहे थे। पेरेंट्स के आंदोलन के बाद जमा हुई फीस जब मामला सामने आया तो नाराज पालकों ने खंडवा-बड़ोदरा हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद स्कूल संचालक शैलेन्द्र गुप्ता ने लेट फीस सहित 3.73 लाख रुपये परीक्षा शुल्क जमा कराया। फीस जमा होते ही छात्रों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए। 10 फरवरी को 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर था, लेकिन फीस जमा न होने के कारण छात्र वह परीक्षा नहीं दे पाए। बोर्ड ने फैसला किया है कि इन छात्रों को अब पूरक परीक्षा में यह पेपर देने का मौका दिया जाएगा। इस निर्णय से छात्रों और उनके पालकों ने राहत की सांस ली है। स्कूल पर होगी कार्रवाई शिक्षा विभाग ने इस लापरवाही को गंभीर माना है। जिला शिक्षा अधिकारी एसके कानूड़े ने बताया कि स्कूल की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है और इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल को पत्र भेजा गया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि अब सभी छात्रों को प्रवेश पत्र मिल चुके हैं और वे आगे की परीक्षाएं दे सकेंगे।



Source link