मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को बागेश्वर धाम आएंगे। वे यहां आयोजित सप्तम कन्या विवाह महोत्सव में शामिल होंगे, जहां 300 बेटियों का विवाह कराया जा रहा है। महोत्सव के मंडप कार्यक्रम के अवसर पर हल्दी की रस्म भी की जाएगी। मुख्यमंत्री के दोपहर 3 बजे पहुंचने की सूचना है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वे दोपहर 3:45 बजे हेलीकॉप्टर से बागेश्वर धाम पहुंचेंगे। कार्यक्रम के बाद, शाम 5:20 बजे वे खजुराहो एयरपोर्ट से विमान द्वारा भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। इसी दिन, पूज्य संतों की उपस्थिति में गुरुकुलम का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को शस्त्र और शास्त्र दोनों की शिक्षा प्रदान करना है। यहां वैदिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा भी दी जाएगी। गुरुकुलम के शुभारंभ के लिए अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक रमेश भाई ओझा और सीहोर वाले प्रदीप मिश्रा बागेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। ये दोनों प्रख्यात संत पहली बार धाम आ रहे हैं। गुरुकुलम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और इसकी शुरुआत गौशाला परिसर में होगी। प्राकृतिक परिवेश में 31 बच्चों को गुरुकुल परंपरा के तहत शिक्षा दी जाएगी, जिसके लिए बनारस के विद्वान आचार्य नियुक्त किए गए हैं। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने संपूर्ण कार्यक्रम के लिए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
Source link