मंडला जिले के प्राथमिक कृषि साख समिति मर्यादित सिंगारपुर के कम्प्यूटर ऑपरेटर दुर्गेश यादव की सेवा समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई डिजिटल मीडिया में प्रकाशित समाचारों सामने आए एक वीडियो के आधार पर की गई जांच के बाद हुई। जानकारी के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। इसमें कुछ युवक-युवतियां शराब के गिलास के साथ डांस करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो में दिख रहे एक युवक की पहचान सिंगारपुर सहकारी समिति के कम्प्यूटर ऑपरेटर दुर्गेश यादव के रूप में की गई थी। मामला सामने आने के बाद सहायक आयुक्त सहकारिता ने मोहगांव के सहकारिता विस्तार अधिकारी को जांच के लिए अधिकृत किया। जांच प्रतिवेदन में दुर्गेश यादव के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई। उनके कृत्य को गंभीर दुराचरण की श्रेणी में माना गया। इसके बाद, सहकारी समिति सेवानियम 2013 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए समिति ने उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया। वीडियो को बताया फर्जी, शिकायत दर्ज दुर्गेश यादव ने वीडियो को फर्जी बताया है। उनका दावा है कि कुछ लोग पिछले तीन-चार वर्षों से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उनके खिलाफ विभागीय शिकायतें की गईं और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व अन्य तकनीकों का उपयोग करके वीडियो बनाकर वायरल किया गया है। इस संबंध में दुर्गेश यादव ने 6 फरवरी को कोतवाली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि बिना किसी उचित जांच के उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। विभाग ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया और जांच कराई। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर ही सेवा समाप्ति की यह कार्रवाई की गई है।
Source link