मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह (राहुल भैया) शुक्रवार शाम भिंड पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के नए जिला कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से औपचारिक बातचीत करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों और यूजीसी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। अजय सिंह ने कहा कि यूजीसी को लेकर देश की जनता भ्रम की स्थिति में है। आम लोग यह समझ ही नहीं पा रहे हैं कि यह व्यवस्था किस दिशा में जा रही है और इसका समर्थन कैसे किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना व्यापक संवाद के ऐसे फैसले ले रही है, जो समाज में नई खाई पैदा कर सकते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रदेश में लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के कारण सत्ता का अहंकार साफ नजर आने लगा है। मंत्री और विधायक जनता और पत्रकारों के सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय गोलमोल और असंतुलित बयान देते हैं, जिससे सरकार की नीयत और कार्यशैली दोनों पर सवाल खड़े होते हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग के दौरे का जिक्र
अजय सिंह ने बताया कि वे बीते तीन दिनों से ग्वालियर-चंबल संभाग के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन की वास्तविक स्थिति को जाना। उन्होंने दावा किया कि ग्वालियर-चंबल संभाग ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा से निराश हो चुकी है और कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है। वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस निश्चित रूप से सत्ता में वापसी करेगी। जनता अब ऐसे दल की तलाश में है, जो उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुने और समाधान करे। भिंड जिले के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए अजय सिंह ने कहा कि यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरपूर ऊर्जा है। वे जनता के मुद्दों को पूरी दमदारी से उठा रहे हैं और संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। बोले- सिंधिया के कारण ही सत्ता गई
ग्वालियर-चंबल संभाग में कांग्रेस की पूर्व स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय सिंह ने कहा कि इस अंचल के कुछ नेताओं ने ही कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से किए गए वादों के साथ छल हुआ, जिसका खामियाजा पार्टी को सत्ता गंवाकर भुगतना पड़ा। उन्होंने सीधे तौर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि सिंधिया के कारण ही कांग्रेस के हाथ से सत्ता गई। यह जनता के विश्वास के साथ धोखा था, जिसे प्रदेश की जनता कभी नहीं भूलेगी। अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगी और जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
Source link