MP Weather Update: मध्यप्रदेश से सर्दी की विदाई शुरू, 15 शहरों में पारा 30°C पार, जानिए अगले 2 दिन का हाल

MP Weather Update: मध्यप्रदेश से सर्दी की विदाई शुरू, 15 शहरों में पारा 30°C पार, जानिए अगले 2 दिन का हाल


MP Weather 13 February 2026: मध्यप्रदेश में अब सर्दी की रवानगी शुरू हो चुकी है. न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी साफ दिखाई दे रही है और दिन का पारा तेजी से चढ़ रहा है. प्रदेश के 15 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. वहीं ज्यादातर शहरों में रात का तापमान भी 10 डिग्री से ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. यानी अब ठंड धीरे-धीरे विदा लेने वाली है.

वेस्टर्न डिस्टरबेंस का सीमित असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 13 और 16 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. हालांकि इनका असर पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित रहेगा. मध्यप्रदेश में इसका प्रभाव बहुत कम देखने को मिलेगा. फिलहाल प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्के बादल छाए हुए हैं और कुछ जिलों में मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है, लेकिन तेज ठंड की वापसी के आसार नहीं हैं.

हल्की सर्दी का एक छोटा दौर संभव
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद जब सिस्टम आगे बढ़ेगा और बर्फ पिघलेगी, तब हल्का बदलाव संभव है. इससे प्रदेश में हल्की ठंड का छोटा दौर फिर आ सकता है, लेकिन कड़ाके की सर्दी अब लौटती नहीं दिख रही.

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
14 फरवरी: कुछ जिलों में हल्का कोहरा रह सकता है, दिन में बादल छाए रहने की संभावना. बारिश का कोई अलर्ट नहीं.

15 फरवरी: चुनिंदा जिलों में सुबह हल्का कोहरा, लेकिन बारिश की कोई चेतावनी नहीं.

इन शहरों में 30°C पार पहुंचा पारा
प्रदेश में शुक्रवार को धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर और सिवनी समेत 15 शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. गुरुवार-शुक्रवार की रात नर्मदापुरम और सागर में तापमान 17 डिग्री या उससे अधिक रहा.
पचमढ़ी रहा सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया. इसके बाद खजुराहो में 8.6 डिग्री, मंदसौर में 9.7 डिग्री, कटनी के करौंदी में 10 डिग्री और रीवा में 10.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ.



Source link