Last Updated:
Sagar E-Challan: सागर में साल 2025 में 7 करोड़ के ई चालान किए गए, इनमें 5 करोड़ 24 लाख से अधिक की राशि बकाया है. इस जुर्माना राशि की वसूली के लिए अब नोटिस भेज कर 7 दिन में जवाब मांगा जा रहा है नहीं तो वाहन का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की भी कार्रवाई की जा सकती है.
Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर में यातायात से जुड़ा गजब मामला सामने आया है. यहां ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए बीते 15 महीने से रोजाना लगभग 1000 ई-चालान किए जा रहे हैं. स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट सिस्टम द्वारा नियम तोड़ने वाले दो पहिया, चार पहिया वाहनों की चौराहों तिराहों और सिग्नल पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. इन्हीं कैमरा से गाड़ी नंबर ट्रेस कर ई-चालान काटे जा रहे हैं और मोबाइल नंबर पर भेज दिए जा रहे हैं.
लेकिन, हैरान करने वाली बात तो ये कि लोग शायद ई-चालान को सीरियस ले नहीं रहे. यही वजह है कि साल 2025 में जो चालान किए गए थे, उनमें 75% लोगों ने जुर्माने की राशि जमा ही नहीं की है. दरअसल पिछले साल करीब 7 करोड़ का ई-चालन काट दिया गया. इसमें से 5 करोड़ 25 लाख से अधिक की राशि बकाया है. लंबा समय होने के बाद भी जिन्होंने जुर्माना नहीं भरा है, उनके खिलाफ अब सख्त एक्शन लेने की तैयारी है. इसकी शुरुआत 100 ऐसे वाहन चालकों से की गई है, जिनके तीन-चार चालान बकाया हैं.
किए जा रहे मैसेज, कॉल
बकायदारों को नोटिस भी दिया गया है. इसमें कहा गया कि या तो वे जुर्माना की राशि जमा कर दें, नहीं तो फिर उनका रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया जाएगा. यह चेतावनी सभी बकाया चालान वालों को मैसेज के माध्यम से दी गई है. इसके लिए स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम से कॉलिंग भी करवाई जा रही है, यानी एक तरह से आखरी मौका दिया जा रहा है, ताकि जुर्माना की राशि को वसूली किया जा सके.
एक साल में 2 लाख से ज्यादा ई-चालान
जानकारी के अनुसार, सागर के अलग अलग स्पॉट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से 2025 में कुल 2 लाख 21 हजार 798 वाहनों के ई-चालान काटे गए. इसकी जुर्माना राशि 6 करोड़ 99 लाख 18400 रुपए है. इन चालानों में से केवल 41007 वाहन स्वामियों ने चालान की राशि जमा की है, जो 1 करोड़ 74 लाख 66310 रुपए है. इस हिसाब से कुल राशि का करीब 25 प्रतिशत ही जमा हुआ, जबकि 5 करोड़ 25 लाख से अधिक की राशि बकाया है. इस जुर्माना राशि की वसूली करने के लिए अब नोटिस भेज कर 7 दिन में जवाब मांगा जा रहा है. नहीं तो वाहन का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की भी कार्रवाई की जा सकती है. रजिस्ट्रेशन रद्द होने की दर से वाहन चालकों के द्वारा जुर्माना राशि जमा की जाएगी.
दो विभाग मिलकर वसूलेंगे
सागर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) मनोज कुमार तेहनगुरिया ने बताया, रेड लाइट जंप, बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया चालान, चार पहिया में सीट बेल्ट नहीं लगाने पर ई-चालान किए गए हैं. लेकिन, जुर्माने की राशि जमा नहीं की जा रही है. अब राशि की वसूली करने यातायात पुलिस के साथ आरटीओ को भी शामिल कर लिया है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें