ग्वालियर में गुटखा के दाम को लेकर हुए विवाद में एक ग्राहक ने दुकानदार को कट्टा दिखाकर धमकाया। यह घटना मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्राहक आशीष यादव उर्फ खाच्चा पुत्र शिवचरण सिंह यादव और दुकानदार आकाश किरार के बीच गुटखा के दामों को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर नाराज ग्राहक आशीष यादव ने अपनी कमर से कट्टा निकाल लिया और दुकानदार को गाली-गलौज करते हुए धमकाना शुरू कर दिया। तभी घटना के समय पास ही खड़े एक अन्य परिजन ने अपने मोबाइल से कट्टा दिखाकर धमकाते बदमाश आशीष यादव की इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया था। बदमाश आशीष यादव का कट्टा दिखाकर धमकाने का यह वीडियो शनिवार दोपहर को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में बदमाश आशीष यादव स्पष्ट रूप से कट्टा दिखाते हुए दुकानदार को धमकाते दिख रहा है। पुलिस के पास भी यह वायरल वीडियो पहुंचा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, लेकिन वे वीडियो के आधार पर कट्टा दिखाने वाले युवक की तलाश कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link