जीवाजी यूनिवर्सिटी में आवारा कुत्तों का हमला: ग्वालियर में सुबह की सैर पर निकले 8 लोगों को किया घायल – Gwalior News

जीवाजी यूनिवर्सिटी में आवारा कुत्तों का हमला:  ग्वालियर में सुबह की सैर पर निकले 8 लोगों को किया घायल – Gwalior News




शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला जीवाजी यूनिवर्सिटी परिसर का है, जहां सुबह की सैर पर निकले लोगों पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह घटना यूनिवर्सिटी के खेल मैदान और हनुमान मंदिर के पास हुई। सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग यहां टहलने, दौड़ने और व्यायाम करने पहुंचते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक आवारा कुत्तों का एक झुंड आया और सैर कर रहे लोगों पर हमला कर दिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में से एक व्यक्ति ने बताया कि जब एक कुत्ते ने उन पर हमला किया तो बचाव में उन्होंने अपना पैर आगे किया। कुत्ते ने उनका लोअर फाड़ दिया और पैर में काट लिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया। अन्य घायलों को भी पैरों और हाथों में चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि कुत्ते के काटने के बाद लापरवाही बरतना खतरनाक हो सकता है। ऐसे में घाव को तुरंत साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए और बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर एंटी-रेबीज टीका लगवाना जरूरी है। समय पर उपचार से संक्रमण और रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। यूनिवर्सिटी परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार कुत्तों के काटने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोगों के आने से यह खतरा और बढ़ जाता है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से स्पष्ट है कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर होती जा रही है। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।



Source link