टी20 विश्व कप में बेंटन की फिफ्टी से इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से धोया

टी20 विश्व कप में बेंटन की फिफ्टी से इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से धोया


होमखेलक्रिकेट

टी20 विश्व कप में बेंटन की फिफ्टी से इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से धोया

Last Updated:

England beat Scotland by five wickets आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के 23वें मैच में इंग्लैंड की टीम ने स्कॉटलैंड पर जीत हासिल कर जोरदार वापसी की है. मुकाबले में स्कॉटलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 153 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने 10 गेंद रहते हासिल कर लिया.

Zoom

इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को हराया

नई दिल्ली: आदिल रशीद की कसी हुई गेंदबाजी के बाद टॉम बैंटन की नाबाद अर्धशतकीय पारी से आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप सी में इंग्लैंड को स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराया. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने अपनी सुपर आठ की उम्मीदों को भी जिंदा रखा. वेस्टइंडीज से हार के बाद ग्रुप सी के महत्वपूर्ण मैच में दो बार के चैंपियन इंग्लैंड ने पहले रशीद (36 रन देकर तीन विकेट) और लियाम डॉसन (34 रन देकर दो विकेट) की मदद से स्कॉटलैंड को 19.4 ओवर में 152 रन पर ऑल आउट कर दिया. स्कॉटलैंड 12.3 ओवर में तीन विकेट पर 113 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था और 180 रन का आंकड़ा पार करने वाला था. लेकिन 14 रन में पांच विकेट गिरने से मैच का रूख बदल गया.

रशीद ने कप्तान रिकी बेरिंगटन (49) सहित तीन विकेट लेकर स्कॉटलैंड की पारी को पटरी से उतार दिया. डॉसन ने जल्दी-जल्दी दो विकेट लिए और स्कॉटलैंड की पूरी लय बिगड़ गई. इस छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने शुरू में दो ओवर में 13 रन पर दो विकेट गंवा दिए. लेकिन इसके बाद बैंटन ने 41 गेंद में चार चौके और तीन छक्के जड़ित मैच विजयी पारी खेली. विल जैक्स ने ब्रैड व्हील की गेंद पर एक छक्का और एक चौका लगाकर 18.2 ओवर में जीत दिलाई. इंग्लैंड ने पांच विकेट पर 155 रन बनाए.

इटली के खिलाफ होगा इंग्लैंड का निर्णायक मैच

इंग्लैंड की टीम अपने पहले मैच में नेपाल के खिलाफ मुश्किल से जीती था लेकिन वेस्टइंडीज से हार गई थी. इस जीत से वह चार अंक लेकर वेस्टइंडीज के बाद ग्रुप में दूसरे स्थान पर पहुंच गया. अब सुपर आठ में जगह पक्की करने के लिए सोमवार को इंग्लैंड का सामना इटली से होगा. इंग्लैंड को साझेदारी की जरूरत थी और बैंटन को जैकब बेथेल (28 गेंद में 32 रन) का साथ मिला. दोनों ने 45 गेंद पर 66 रन जोड़कर पारी को संभाला. फिल साल्ट (2) और जोस बटलर (3) जल्दी आउट हो गए.

बैंटन को सात रन पर जीवनदान मिला और उन्होंने इसका फायदा उठाते हुए विजयी पारी खेली. डेविडसन ने आखिरकार इस भागीदारी का अंत किया जब बेथेल का स्लॉग-स्वीप शॉट सीधे बैकवर्ड प्वाइंट पर चला गया. स्कॉटलैंड ने रन-गति पर लगाम कसी और हैरी ब्रूक का विकेट लेकर दबाव बनाया. ब्रूक स्कूप की कोशिश में शॉर्ट फाइन लेग पर ब्रैड व्हील को कैच दे बैठे जिससे इंग्लैंड का स्कोर 10.4 ओवर में चार विकेट पर 86 रन हो गया.

इंग्लैंड के लिए गेंदबादी में राशिद ने किया कमाल

इससे पहले रशीद के तीन विकेट और डॉसन के दो विकेट से स्कॉटलैंड की पूरी टीम को 19.4 ओवर में 152 रन पर समेट दिया. तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को दो विकेट मिले. स्कॉटलैंड तीन विकेट पर 113 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था और ऐसा लग रहा था कि टीम 200 रन का आंकड़ा पार कर लेगी जिसमें कप्तान बेरिंगटन और टॉम ब्रूस (24 रन) अच्छी लय में दिख रहे थे. अपने पहले दो ओवर में 26 रन देने के बाद रशीद ने मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने बेरिंगटन को अर्धशतक से एक रन पहले आउट किया.

अपने अगले ओवर में रशीद ने तीन गेंद में मैथ्यू क्रॉस और मार्क वाट के रूप में दो विकेट लिए. इंग्लैंड की स्पिन जोड़ी ने चार ओवर में पांच विकेट झटके जिससे स्कॉटलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन से आठ विकेट पर 127 रन हो गया. टीम ने बीच के ओवर में 14 रन पर पांच विकेट गंवा दिए. जेमी ओवरटन (23 रन देकर एक विकेट) ने भी कसी गेंदबाजी की जिससे स्कॉटलैंड उबरने में नाकाम रहा.

जोफ्रा आर्चर ने लिए शुरुआती विकेट

इंग्लैंड ने आर्चर (24 रन देकर दो विकेट) की गेंदबाजी की बदौलत शुरूआती झटके दिए जिन्होंने पावरप्ले के अंदर तीन गेंद में सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से (04) और ब्रैंडन मैकमुलन (00) को आउट किया. माइकल जोन्स (33 रन) ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में सैम कुरेन को दो चौके और एक छक्का लगाकर स्कोर बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन इसी ओवर में आउट हो गए.

पावरप्ले में स्कॉटलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 42 रन था. इसके बाद बेरिंगटन और ब्रूस ने चौथे विकेट के लिए 41 गेंद में 71 रन जोड़े जिससे स्कॉटलैंड अच्छी स्थिति में था. पिच से अतिरिक्त उछाल और तेजी मिल रही थी जिसका आर्चर ने अपने शुरुआती स्पेल में अच्छा फायदा उठाया. इस दौरान आर्चर ने एक उपलब्धि भी हासिल की, वह स्टुअर्ट ब्रॉड और मार्क वुड के बाद तीनों प्रारूपों में 50 विकेट लेने वाले इंग्लैंड के तीसरा तेज गेंदबाज बन गए.

About the Author

Jitendra Kumar

अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें



Source link