दैनिक भास्कर वार्ड टॉक- पार्षद भारतसिंह रघुवंशी से सीधी बात: कहा- नई पानी व ड्रेनेज लाइन से दूर होंगी जल समस्या, गलियों में भी बन रहीं पक्की सड़कें – Indore News

दैनिक भास्कर वार्ड टॉक- पार्षद भारतसिंह रघुवंशी से सीधी बात:  कहा- नई पानी व ड्रेनेज लाइन से दूर होंगी जल समस्या, गलियों में भी बन रहीं पक्की सड़कें – Indore News




इंदौर के हर वार्ड में क्या सच में विकास हो रहा है और जनता उसे कैसे देखती है? इसी का जवाब तलाशने दैनिक भास्कर ने खास सीरीज ‘वार्ड टॉक’ शुरू की है। इसमें हम पार्षदों के दावों के साथ अधूरे काम और आगे की जरूरतों को सामने रखते हैं। आज के एपिसोड में हम वार्ड 70 पहुंचे हैं, जहां से भारतसिंह रघुवंशी पार्षद हैं। यहां कौन-से काम पूरे हुए, कौन-से बाकी हैं? जनता 10 में से कितने नंबर देती है। ‘आज का पार्षद’ में देखिए काम का पूरा हिसाब। सवाल: आपके वार्ड की सबसे बड़ी उपलब्धि कौन-सी है? जवाब: मेरे वार्ड की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि एज कॉलोनी से राज नगर कॉलोनी तक सड़क निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और अगले दो से चार दिनों में काम शुरू होने की उम्मीद है। लकड़ी मंडी क्षेत्र में नाले की वर्षों पुरानी समस्या थी, जिसके कारण स्कीम 71, इंदिरा नगर, लकड़ी मंडी, गडरिया मोहल्ला और आसपास के इलाकों में जलभराव होता था। इससे भी अब राहत मिलेगी। झलाराम नगर और आसपास सड़क व ड्रेनेज के कार्य पूरे हो चुके हैं, साथ ही वहां की सभी गलियों में पक्की सड़क बना दी गई है। विधायक निधि से 2–3 सड़कों का निर्माण और बोरिंग कार्य भी कराया गया है। वार्ड में लगभग 15-20 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हैं, जिनका जल्द ही भूमि पूजन होगा। महापौर, विधायक और क्षेत्र के वरिष्ठ जनों की अनुमति मिलते ही एक बड़ा भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा एज कॉलोनी से पंचमूर्ति नगर और इंदिरा नगर तक नर्मदा लाइन डालने का काम जारी है। जहां-जहां ड्रेनेज की समस्या है, वहां यह लाइन पूरी होने के बाद गंदे पानी की दिक्कत से भी लोगों को राहत मिलेगी। सवाल: कौन सा काम अधूरा है और क्यों? जवाब: जो अधूरे काम है वह लगभग पूरे होने आए है, जो होना है, उसके लिए हम सोच रहे है कि आगामी सालभर में ये काम पूरे हो जाए। इसके लिए महापौर, विधायक, निगम कमिश्नर सहित सभी का सहयोग भी मिल रहा है। 1 साल में हम वार्ड 70 में बहुत से काम करा लेंगे। सवाल: जनता की सबसे आम शिकायत क्या आती है? जवाब: क्षेत्र में लोगों की सबसे बड़ी समस्या ड्रेनेज की है। ड्रेनेज लाइन बिछने से गंदे पानी की परेशानी से राहत मिलेगी। वार्ड में ड्रेनेज, पानी और सड़कों की दिक्कत इसलिए है क्योंकि 10–15 साल पहले यहां छोटी लाइन डाली गई थी। अब कई जगह नई ड्रेनेज लाइन का काम जारी है और उम्मीद है कि अगले छह महीने में इन समस्याओं का समाधान हो जाएगा। मैं रोज सुबह 7 बजे ऑफिस पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनता हूं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देता हूं, ताकि समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके। सवाल: किसी नए प्रयोग से क्या बदलाव हुआ? जवाब: नए प्रयोग में है ये है कि मैं लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलता हूं। जिससे लोगों से सीधे संपर्क में रहता हूं। लोग सीधे संवाद करते है, जिससे कई समस्याओं का निराकरण बातचीत में हो जाता है। मेरे वार्ड में काम बहुत है। हमारे यहां के लोग काफी अच्छे है। यहां के कार्यकर्ता भी ठोस है। हमारे वार्ड में प्रेम-भाव है लोगों में। सवाल: किन इलाकों में काम नहीं हो पाया? जवाब: प्रफुल्ल टॉकीज क्षेत्र में अभी नर्मदा पाइपलाइन का काम होना बाकी है, साथ ही वहां सड़क निर्माण भी प्रस्तावित है। यह सड़क बनने के बाद लोग राजमोहल्ला होते हुए राजनगर से सीधे एयरपोर्ट रोड तक जा सकेंगे, जिससे ट्रैफिक दबाव भी कम होगा। सवाल: आपके यहां पानी की शिकायत आई है क्या? जवाब: यहां गंदे पानी की शिकायतें मिल रही हैं। नर्मदा की टीम रोजाना आकर पानी के सैंपल लेकर जांच कर रही है। हम कोशिश कर रहे हैं कि जल्द समस्या का समाधान हो। इस काम में नर्मदा और नगर निगम की टीम का पूरा सहयोग मिल रहा है। सवाल: अगले 6 महीने का रोडमैप क्या है? जवाब: अगले छह महीनों में एज कॉलोनी का रोड निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से लकड़ी मंडी नाले का काम भी पूरा होगा। स्ट्रीट लाइट्स लगेंगी, 2–3 बची गलियों का निर्माण होगा और धार रोड से डॉ. भार्गव के क्लिनिक तक सड़क बनाई जाएगी। साथ ही 25–30 बिजली के खंभे हटाने का काम भी किया जाएगा। ड्रेनेज और सड़क से जुड़ी समस्याएं इसी अवधि में दूर करने का लक्ष्य है।



Source link