दमोह जिले के प्रसिद्ध तीर्थ जागेश्वरधाम बांदकपुर में महाशिवरात्रि के मौके पर होने वाले शिव विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार शाम को श्रद्धालुओं ने भगवान जागेश्वर नाथ को हल्दी लगाई। महाशिवरात्रि के लिए कांवरियों का आना शुरू हो गया है। मंदिर प्रशासन ने उनके रुकने के खास इंतजाम किए हैं। रविवार सुबह 5 बजे जैसे ही मंदिर के पट खुलेंगे, दर्शन शुरू हो जाएंगे। रात के समय शिव विवाह की रस्में शुरू होंगी जो पूरी रात चलेंगी। माना जा रहा है कि इस बार करीब एक लाख कांवर भगवान को चढ़ाई जाएंगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। पूरे मंदिर परिसर में 500 अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से हर कोने पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं को लाइन में लगने के लिए बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी को परेशानी न हो। गर्भगृह में प्रवेश बंद पिछले साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं को गर्भगृह के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी भक्त बाहर से ही भगवान को जल चढ़ा सकेंगे और दर्शन कर सकेंगे। प्रशासन ने यह फैसला सुरक्षा और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए लिया है।
Source link