भिंड के अटेर रोड स्थित राम जानकी मंदिर की भूमि पर होटल एलियांज के निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार को नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नापतौल की, जिसमें होटल का निर्माण गलत सर्वे नंबर पर पाया गया। अब राजस्व विभाग नोटिस जारी करने की तैयारी में है। मामला अटेर रोड, बंवा की पुलिया के पास स्थित राम जानकी मंदिर की जमीन से जुड़ा है। करीब तीन माह पहले बस स्टैंड निवासी देवेश शर्मा ने होटल एलियांज द्वारा मंदिर की भूमि पर कब्जा कर निर्माण किए जाने की शिकायत की थी। इसी शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग और नगर पालिका की टीम ने जांच और नापतौल की। जांच के दौरान होटल परिसर के भीतर मंदिर होने की पुष्टि हुई। होटल संचालक की ओर से निर्माण अनुमति के दस्तावेज में सर्वे नंबर 502 की रजिस्ट्री दिखाई गई, लेकिन नापती के बाद यह स्पष्ट हुआ कि होटल जिस जमीन पर बना है, वह सर्वे नंबर 500 की भूमि है।
इस तथ्य की पुष्टि दैनिक भास्कर से चर्चा में राजस्व निरीक्षक मुनीम मोहम्मद ने की। उन्होंने बताया कि करीब दो से ढाई घंटे तक नापतौल की गई और निर्माण रजिस्ट्री के अनुसार गलत पाया गया। इस मामले में जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा। नापती के बाद दैनिक भास्कर ने होटल संचालक मुकेश शिवहरे से पक्ष जानने की कोशिश की। फोन पर बातचीत में उन्होंने पहले सब कुछ सही बताया, लेकिन जब सर्वे नंबर को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कब्जा किया है और प्रशासन जो करना चाहता है, कर सकता है। शिकायतकर्ता को धमकाने का आरोप नापती के दौरान पुलिस बल, राजस्व विभाग और नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। शिकायतकर्ता देवेश शर्मा भी वहां पहुंचे थे। इसी दौरान होटल संचालक के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने खुलेआम शिकायतकर्ता को धमकाना शुरू कर दिया। हालात तनावपूर्ण हो गए, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश से विवाद टल गया।
Source link