शिवरात्रि पर्व के अवसर पर मन्दसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए थाना यातायात मंदसौर द्वारा विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था सामान्य दिनों की तुलना में परिवर्तित रहेगी और प्रातः 4:00 बजे से प्रभावी होगी। यातायात पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार नाका नंबर 10 से कोर्ट घाटी रोड तथा अंबेडकर चौराहा तक बसों एवं अन्य बड़े भारी वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। इस श्रेणी के वाहन बायपास नयाखेड़ा मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। पुलिया मार्ग पर आवश्यकता अनुसार रोका जाएगा ट्रैफिक
पशुपतिनाथ मेला ग्राउंड बड़ी पुलिया एवं छोटी पुलिया से आवश्यकता अनुसार दोपहिया, चारपहिया एवं ऑटो रिक्शा आदि वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकेगी। खिलजीपुरा क्षेत्र में आने-जाने वाले नागरिकों को सर्किट हाउस–कुबेर मंदिर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है – भावसार धर्मशाला मैदान, कोर्ट घाटी रोड,पशुपतिनाथ मेला ग्राउंड, द्वारकाधीश मंदिर के पास और चंद्रपुरा तरफ मंदिर की अधिकृत पार्किंग, इन स्थानों पर ही दर्शनार्थियों के वाहनों की पार्किंग की जाएगी। मंदिर द्वार पर वाहन खड़ा करना पूर्णतः प्रतिबंधित
नए एवं पुराने पशुपतिनाथ मंदिर द्वार के सामने किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करना सख्त रूप से प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुबह 4 बजे से लागू होगी व्यवस्था
संपूर्ण यातायात व्यवस्था शिवरात्रि पर्व पर प्रातः 4:00 बजे से प्रभावी रहेगी। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने का आग्रह किया है।
Source link