शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल उदय विलास में गुरुवार रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो में दूल्हा सहित तीन लोग खुलेआम हथियारों से फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात दूल्हा सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शुक्रवार दोपहर को सामने आया हुआ। बताया जा रहा है कि यह फुटेज गुरुवार रात होटल उदय विलास में आयोजित शादी समारोह का है। वीडियो में एक युवक कार की छत पर खड़े होकर बंदूक से फायरिंग करता दिख रहा है। वहीं, बग्गी पर बैठा दूल्हा भी बंदूक से हर्ष फायर कर रहा है, जबकि उसके पास खड़ा एक रिश्तेदार पिस्टल से लगातार फायरिंग करता नजर आ रहा है। घटना के समय मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ मौजूद थी, जिससे हर्ष फायरिंग के दौरान किसी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। वीडियो में यह भी स्पष्ट दिख रहा है कि दूल्हा जिस बंदूक से फायर कर रहा था, वह एक बार फायर होने से पहले अटक गई थी। ऐसी स्थिति में गोली किसी भी दिशा में चल सकती थी और एक बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने इसका संज्ञान लिया। फरियादी शैलेंद्र गोरख की शिकायत पर अज्ञात दूल्हा सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link