India vs Pakistan Predicted Playing XI: कुर्सी की पेटी बांध लीजिए… क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब मौसम बदलने वाला है. 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महाजंग है, जिसपर दुनियाभर के फैंस की नजर है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले ब्लॉकबस्टर मैच से पहले फैंस ये भी जानने को बेकरार हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरेगी.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक टीम इंडिया दो स्पेशलिस्ट फास्ट बॉलर और दो स्पिनर्स के साथ खेल रही थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ इसमें बदलाव दिख सकता है. कोलंबो की पिच भारतीय पिचों की तुलना में अलग है और यहां स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला रहता है. आर प्रेमदासा स्टेडियम बहुत बड़ा है और यहां सिक्स जड़ना इतना आसान नहीं है.
कोलंबो में स्पिन से घूमेगा मैच?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में होने हैं. अभी तक के पैटर्न को देखें तो सलमान अली आगा ने स्पिनरों पर ज्यादा दांव खेला है. पाक की प्लेइंग इलेवन मे 5 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो स्पिन गेंदबाजी करते हैं. अबरार अहमद, शादाब खान, उस्मान तारिक, मोहम्मद नवाज और सईम अयूब लगातार स्पिन के जादू से विरोधियों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहे हैं. ऐसे में टीम इंडिया भी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में स्पिन हेवी प्लेइंग इलेवन उतार सकती है.
कुलदीप यादव होंगे तुरुप का इक्का?
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की एंट्री लगभग तय मानी जा रही है. हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव कुलदीप के लिए अर्शदीप सिंह की कुर्बानी दे सकते हैं. स्पिन के लिए मददगार कोलंबो की पिच पर कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती पाक बल्लेबाजों के लिए ‘चक्रव्यूह’ रच सकते हैं, जिसे तोड़ना पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होगा.
एक तरफ उस्मान तारिक, अबरार अहमद और शादाब खान की फिरकी होगी, वहीं दूसरी तरफ कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती स्पिन का जादू दिखाएंगे. जो भी टीम स्पिन के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेगी, उसका पलड़ा भारी रहेगा.
पाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप यादव का रिकॉर्ड
बता दें कि स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ अभी तक 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 6.58 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हुए 8 विकेट चटकाए हैं. वहीं ODI में कुलदीप ने पाक के खिलाफ 7 मैचों में 15 विकेट हासिल किए हैं. ये आंकड़े देखकर ऐसा कह सकते हैं कि कुलदीप को पढ़ना पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहा है.
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
ये भी पढ़ें: इस क्रिकेट ज्योतिषी ने पहले ही कर दी थी ऑस्ट्रेलिया की हार की भविष्यवाणी, भारत -पाक मैच पर डराने वाला दावा