सतना जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र की कुशल बीट में शनिवार को शिकारियों द्वारा लगाए गए क्लच वायर के फंदे में एक तेंदुआ फंस गया। गश्ती टीम की नजर पड़ने पर मुकुंदपुर जू की टीम को बुलाया गया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद वापस जंगल में छोड़ दिया गया। वहीं, डॉग स्क्वायड की मदद से वन विभाग ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। शाम को मुकुंदपुर जू से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. नितिन गुप्ता ने तेंदुए को बेहोश करने के लिए ट्रेंकुलाइजर गन का इस्तेमाल किया। शुरुआती दो प्रयास विफल रहे, लेकिन तीसरे प्रयास में तेंदुआ बेहोश हो गया। इसके बाद टीम ने सावधानीपूर्वक तार काटकर उसे मुक्त कराया। रेस्क्यू के बाद स्वास्थ्य परीक्षण में तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। पेट में कस गया था फंदा जानकारी के मुताबिक, किसी ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए खेत के पास क्लच वायर का फंदा लगाया था। तेंदुआ इसमें फंस गया और फंदा उसके पेट के हिस्से में कस गया। वह काफी देर तक छूटने के लिए छटपटाता रहा। वन विभाग की गश्ती टीम जब जंगल की सीमा से लगे बाड़े के पास पहुंची, तो उन्हें हलचल दिखी। पास जाकर देखा तो तेंदुआ फंदे में जकड़ा मिला। सूंघते हुए घर तक पहुंचा डॉग घटना के बाद वन विभाग ने डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड घटनास्थल से सूंघते हुए गांव के विनोद रावत के घर तक पहुंच गया। इसके आधार पर वन विभाग ने उसे हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। देखिए तस्वीरें…
Source link