सतना से बागेश्वर धाम कैसे पहुंचें? दूरी, किराया, ट्रांसपोर्ट… जानें डिटेल, एक दिन में दर्शन कर लौट आएंगे

सतना से बागेश्वर धाम कैसे पहुंचें? दूरी, किराया, ट्रांसपोर्ट… जानें डिटेल, एक दिन में दर्शन कर लौट आएंगे


Last Updated:

Satna Bageshwar Dham Route: सतना से बागेश्वर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. लगभग 130 किलोमीटर की इस यात्रा के लिए बस, फोर व्हीलर और टेंपो ट्रैवलर जैसे कई विकल्प उपलब्ध हैं. आम दिनों में सैकड़ों और विशेष आयोजनों में हजारों लोग सतना से यहां पहुंचते हैं. यहां जानिए सबकुछ…

Satna News: मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र से हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का बागेश्वर धाम की ओर आना-जाना लगा रहता है. आस्था, जिज्ञासा और धार्मिक विश्वास के कारण यह स्थल अब केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं रहा, बल्कि एक बड़े धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में उभर चुका है. सतना से रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, जबकि विशेष आयोजनों, कथा या पर्व के अवसर पर यह संख्या हजारों में पहुंच जाती है. ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि सतना से बागेश्वर धाम तक पहुंचने के लिए कौन-कौन से साधन उपलब्ध हैं, कितना खर्च आता है और पूरा रास्ता क्या है?

130 KM की दूरी, एक दिन में आना-जाना संभव
लोकल 18 को जानकारी देते हुए बद्री टूर एंड ट्रैवल्स से भागवत तिवारी ने कहा, सतना से बागेश्वर धाम की दूरी लगभग 130 किलोमीटर है. यह दूरी सड़क मार्ग से आसानी से तय की जा सकती है और यदि सुबह जल्दी रवाना हुआ जाएं तो एक ही दिन में दर्शन कर वापस लौटा जा सकता है. यात्रा के लिए सड़क मार्ग ही मुख्य विकल्प है और पूरा रूट सीधा एवं स्पष्ट है, जिससे पहली बार जाने वाले श्रद्धालुओं को भी अधिक परेशानी नहीं होती.

बस से यात्रा: किफायती और नियमित सेवा
यदि आप कम बजट में यात्रा करना चाहते हैं तो बस सबसे सुलभ विकल्प है. सतना से बागेश्वर धाम की ओर जाने वाली बसों का किराया एक तरफ का लगभग 150 से 170 रुपये प्रति व्यक्ति है. यानी आने-जाने में करीब 300 से 340 रुपये तक का खर्च आता है. बस सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहती हैं और आम दिनों में सीट मिलना आसान रहता है. हालांकि, विशेष आयोजनों के दौरान भीड़ अधिक हो सकती है. यह विकल्प उन श्रद्धालुओं के लिए बेहतर है जो अकेले या दो-तीन लोगों के समूह में यात्रा कर रहे हैं.

फोर व्हीलर बुकिंग: परिवार के साथ आरामदायक सफर
यदि परिवार या मित्रों के साथ सुविधाजनक और निजी यात्रा करना चाहते हैं तो फोर व्हीलर बुक कर सकते हैं. एक ट्रिप यानी सतना से बागेश्वर धाम जाकर वापस आने तक का किराया लगभग 3500 से 4000 रुपये के बीच पड़ता है. यह विकल्प खासकर उन लोगों के लिए उपयुक्त है जो बुजुर्गों या बच्चों के साथ यात्रा कर रहे हों और रास्ते में अपनी सुविधा अनुसार रुकना चाहते हों. निजी वाहन में यात्रा करने से समय की बचत भी होती है और भीड़भाड़ से भी राहत मिलती है.

टेंपो ट्रैवलर: बड़े समूह के लिए बेहतर विकल्प
यदि 10-15 लोगों का समूह एक साथ जा रहा है तो टेंपो ट्रैवलर या टूरिस्ट गाड़ी बेहतर विकल्प साबित होती है. एक ट्रिप का किराया लगभग 7000 से 9000 रुपये तक रहता है. बड़े परिवार, मित्र मंडली या धार्मिक समूह अक्सर इसी विकल्प को चुनते हैं, क्योंकि प्रति व्यक्ति खर्च कम पड़ता है और पूरी टीम एक साथ यात्रा कर सकती है. विशेष धार्मिक कार्यक्रमों के समय इस प्रकार की गाड़ियों की मांग बढ़ जाती है, इसलिए पहले से बुकिंग कराना उचित रहता है.

पूरा रूट प्लान: कैसे पहुंचें बागेश्वर धाम
सतना से बागेश्वर धाम के लिए एक ही मुख्य मार्ग है. यात्रा की शुरुआत सतना-पन्ना रोड से होती है. इस मार्ग पर आगे बढ़ते हुए बमीठा तक पहुंचना होता है. बमीठा से लगभग 10 km आगे गंज पड़ता है. गंज से दाईं ओर मुड़कर लगभग 4 से 5 किलोमीटर का सफर तय करने पर बागेश्वर धाम पहुंचा जा सकता है. रास्ता पूरी तरह सड़क मार्ग से जुड़ा है और मार्ग संकेत भी उपलब्ध रहते हैं जिससे श्रद्धालुओं को दिशा संबंधी दिक्कत कम होती है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link