सिंधिया के जाते ही ड्राई फ्रूट पर टूटे नेता: सीएम ने धीरेंद्र शास्त्री को लगाई हल्दी; पटवारी ने जयवर्धन को कहा हॉलीवुड का हीरो – Madhya Pradesh News

सिंधिया के जाते ही ड्राई फ्रूट पर टूटे नेता:  सीएम ने धीरेंद्र शास्त्री को लगाई हल्दी; पटवारी ने जयवर्धन को कहा हॉलीवुड का हीरो – Madhya Pradesh News




मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। जीतू और जयवर्धन की जुगलबंदी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह के विधायक बेटे जयवर्धन सिंह की जुगलबंदी एक बार फिर देखने को मिली। दोनों नेता गर्मजोशी से मिले और एक-दूसरे की जमकर तारीफ करते नजर आए। जीतू पटवारी जैसे ही गाड़ी से उतरे, जयवर्धन सिंह ‘जय हो बॉस की’ कहते हुए उनके पास पहुंचे और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद ‘जीतू पटवारी जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। वहीं, जीतू पटवारी ने भी जवाब देते हुए जयवर्धन सिंह को हीरो बताया। उन्होंने कहा- मैंने दूर से देखा कि कौन है। मैंने कहा, ये अपना हॉलीवुड का हीरो कौन खड़ा है। फिर देखा तो ये जेवी भैया हैं। जीतू पटवारी की यह बात सुनकर वहां मौजूद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हंस पड़े। खरी बात यह है कि कांग्रेस के ये दोनों नेता एक-दूसरे की अहमियत को अच्छी तरह समझते हैं। यही वजह है कि मंच पर गर्मजोशी दिखाई दी। और हां, राजनीति में तारीफ भी एक रणनीति होती है साहब। ड्राय फ्रूट्स उठाकर चलते बने लोग
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी में एक शादी समारोह में पहुंचे थे। यहां एक रोचक सीन देखने को मिला। दरअसल, सिंधिया और अन्य मेहमानों के लिए ड्राय फ्रूट्स का नाश्ता रखा गया था। सिंधिया जैसे ही वहां से उठे, माहौल ही बदल गया। सिंधिया के उठते ही कुछ लोग सीधे ड्राय फ्रूट्स उठाकर चलते बने। इसके बाद एक शख्स रुमाल से थालियों को ढंकता नजर आया। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे शेयर कर चटकारे ले रहे हैं। कलेक्टर साहब पर बरसे कांग्रेस नेता
शहडोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी चलाने वाले कलेक्टर को लेकर कांग्रेस नेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ‘जन आक्रोश रैली’ में कहा कि कलेक्टर हमारे कार्यकर्ता को लाठी मारेगा, तो क्या हम चुप रहेंगे? वहीं कांग्रेस विधायक फुंदेलाल मार्को मंच, माइक और अपने नेता जीतू पटवारी को देखकर जोश में नजर आए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जिस तरह से कलेक्टर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर डंडा भांजने का काम किया, अगर वे आज वहां होते, तो उसके बदले वे भी डंडा भांज देते। अब इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि लाठी के बदले लाठी की बात करना क्या उस कांग्रेस की नीति से मेल खाता है, जो खुद को अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी के विचारों से जोड़कर देखती है। सीएम ने धीरेंद्र शास्त्री को लगाई हल्दी
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री 300 कन्याओं का सामूहिक विवाह करा रहे हैं। इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी बागेश्वर धाम पहुंचे। यहां वे हल्दी रस्म में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने धीरेंद्र शास्त्री को हल्दी लगाई और धीरेंद्र शास्त्री ने भी उन्हें हल्दी लगाकर रस्म निभाई। वहीं, सांसद वीडी शर्मा ने भी धीरेंद्र शास्त्री के गालों पर हल्दी लगाई। इस दृश्य को देखकर धीरेंद्र शास्त्री के अनुयायियों ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें गुरुजी के हाथ पीले होने, यानी उनकी शादी होने का इंतजार है। इससे पहले पंडित धीरेंद्र शास्त्री खुद बुलेट चलाकर धाम में विवाह समारोह की तैयारियों का जायजा लेते नजर आए। उन्होंने रसोई में जाकर पुड़ियां भी तलीं। इस दौरान पुड़ियां बेल रही महिलाओं ने धीरेंद्र शास्त्री के सामने पारंपरिक गीत भी गाए। इनपुट सहयोग – आशीष रघुवंशी (गुना), गौरव मिश्रा (खजुराहो), सौरभ पांडे (शहडोल) ये भी पढ़ें –
सीएम नाराज, भाषण के लिए आखिरी में बुलाया: पत्रकार से बोले मंत्री- अपने शब्द वापस लो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक कार्यक्रम के दौरान उस समय नाराज नजर आए, जब उन्हें संबोधन के लिए सबसे आखिरी में बुलाया गया। हालांकि उन्होंने मंच से बहुत ही सधे और संयमित अंदाज में आयोजकों को इस बात के लिए नसीहत भी दे डाली। पूरी खबर पढ़ें



Source link