स्कूली बच्चों को हाथों में मिड-डे मील देने पर कार्रवाई: हेडमास्टर को नोटिस, बिना मंजूरी छुट्टी ली, जांच टीम ने थाली में दिलवाया भोजन – Bina News

स्कूली बच्चों को हाथों में मिड-डे मील देने पर कार्रवाई:  हेडमास्टर को नोटिस, बिना मंजूरी छुट्टी ली, जांच टीम ने थाली में दिलवाया भोजन – Bina News




बीना ब्लॉक के एकीकृत शासकीय माध्यमिक स्कूल ढांड में बच्चों को थाली की जगह हाथों में खाना दिए जाने की खबर पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। खबर पब्लिश होने के बाद शनिवार को जनपद शिक्षा केंद्र की टीम जांच के लिए स्कूल पहुंची, जहां प्रधानाध्यापक की लापरवाही उजागर हुई है। दैनिक भास्कर डिजिटल की टीम ने शुक्रवार को स्कूल के हालात कैमरे में कैद किए थे। मौके पर बच्चे रोटियां हाथों में और सब्जी टिफिन के ढक्कन में लेकर घर जाते दिखे थे। प्रशासन ने इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए बीआरसी महेंद्र जाट के नेतृत्व में टीम भेजी। टीम ने स्कूल पहुंचकर अपनी निगरानी में बच्चों को थालियों में खाना परोसना शुरू करवाया और समूह संचालक को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी गलती न हो। प्रधानाध्यापक के झूठ और लापरवाही का खुलासा जांच के दौरान प्रधानाध्यापक शिव मोहन माथुर के कई दावे झूठे पाए गए। उन्होंने कहा था कि थालियों की कमी की शिकायत उन्होंने अधिकारियों से की है, लेकिन रिकॉर्ड में ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली। इसके उलट, अगस्त 2025 में ही निरीक्षण टीम ने खाने की खराब गुणवत्ता और थाली में भोजन न देने की बात लिखित में दर्ज की थी, जिस पर प्रधानाध्यापक ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके अलावा बच्चों के भोजन वितरण का रिकॉर्ड भी अधूरा पाया गया। बिना मंजूरी छुट्टी पर गए हेडमास्टर जांच में एक और गंभीर बात सामने आई कि प्रधानाध्यापक शिव मोहन 4 से 15 फरवरी तक छुट्टी पर हैं, जबकि उनका अवकाश का आवेदन किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने मंजूर ही नहीं किया था। बिना अनुमति गायब रहने और स्कूल की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नोटिस जारी कर मांगा जवाब बीएसी असलम खान ने बताया कि मामले की जांच में प्रधानाध्यापक की सीधी लापरवाही दिखी है। संस्था में अनुशासनहीनता और बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन के चलते उन्हें नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने के बाद उन पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



Source link