टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कल यानी रविवार को होने वाले महामुकाबले में पाकिस्तान का एक गेंदबाज टीम इंडिया के लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी भारतीय टीम को उससे सावधान रहने के लिए कहा है. हरभजन सिंह का मानना है कि भारत T20 वर्ल्ड कप मैच में पाकिस्तान को हरा देगा, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि भारत को पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक को सावधानी से खेलना चाहिए. हरभजन सिंह ने कहा कि भारत को मैच के दौरान शांत और कॉन्फिडेंट रहना चाहिए.
हरभजन ने भारत को किया सतर्क
हरभजन सिंह ने कहा, ‘भारत मैच जीतेगा. पाकिस्तान के पास एक स्पिनर (उस्मान तारिक) है, वह एक अच्छा स्पिनर है, हमें उसे सेफ खेलना होगा. भारतीय टीम काबिल है, यह एक बहुत अच्छी टीम है. हमें उम्मीद है कि वे वैसे ही खेलेंगे जैसे वे हमेशा खेलते आए हैं, बिना किसी प्रेशर के खेलें और जीत का झंडा लहराएं.’ उस्मान तारिक T20 मैचों में बहुत अच्छा कर रहे हैं, उन्होंने 4 मुकाबलों में 7.91 की एवरेज से 11 विकेट लिए हैं. हालांकि, उनके बॉलिंग एक्शन पर विवाद हुआ है, कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या उनका बॉलिंग एक्शन लीगल है.
नयन मोंगिया को भी भारत की जीत का भरोसा
एक और पूर्व भारतीय खिलाड़ी, नयन मोंगिया को भी भारत की जीत का भरोसा है. नयन मोंगिया ने कहा, ‘यह मजेदार होगा. हमें उम्मीद है कि यह एक अच्छा मैच होगा और भारत जीतेगा, क्योंकि भारत जिस तरह से परफॉर्म कर रहा है, जिस तरह से वे बैटिंग, बॉलिंग कर रहे हैं, कप्तान आगे से लीड कर रहा है और यह गेम पूरी तरह से कॉन्फिडेंस का है और पाकिस्तान लगातार सात या आठ बार ICC टूर्नामेंट हार चुका है. मुझे नहीं लगता कि कोई ज्यादा मुश्किल होने वाली है, क्योंकि पाकिस्तान पर बहुत प्रेशर होगा. क्रिकेट बहुत बदल गया है. भारत के युवा खिलाड़ी निडर हो गए हैं. एक ओवर, एक चौका या छक्का गेम बदल सकता है.’
हार्दिक पांड्या से काफी उम्मीद
नयन मोंगिया को हार्दिक पांड्या से भी उम्मीद है कि वे अच्छा परफॉर्म करेंगे, खासकर प्रेशर में. हार्दिक पांड्या का पाकिस्तान के खिलाफ पिछला परफॉर्मेंस बैट और बॉल दोनों से अच्छा रहा है. हार्दिक पांड्या ने अभी तक भारत के लिए 131 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 28.37 की औसत से 2128 रन बनाए हैं, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल हैं. हार्दिक पांड्या ने इसके अलावा गेंद से कमाल करते हुए 107 विकेट झटके हैं.